Banswara Crime : बांसवाड़ा जिले के घाटोल क्षेत्र में एक युवक से शादी कर इंदौर की युवती दगा कर गई। नकली रिश्तेदारों के जरिए संपर्क-संवाद के बाद करीब पौने चार लाख रुपए ऐंठने की कारगुजारी के संकेत पर युवक ने पीछा किया तो पता चला कि वह उसके सरीखे छह-सात युवाओं से छल कर चुकी है। मामले को लेकर पीड़ित ने घाटोल थाने में शिकायत की। सुनवाई नहीं होने पर सोमवार को जिला मुख्यालय आकर पुलिस अधीक्षक से गुहार की। इस पर अब जांच के निर्देश दिए गए।
परिवादी के अनुसार सलोनी ने पिता के बीमार होने की जानकारी दी और इंदौर जाने और इलाज के लिए पचास हजार रुपए मांगे। ऑनलाइन खाते में राशि डालकर वह खुद उसे इंदौर ले गया। फिर स्वयं लौट गया। पांच दिन बाद उसे सलोनी ने फोन पर पिता की मृत्यु की जानकारी देकर 20 हजार रुपए और मांगे। अचानक रिश्तेदारों से पता चला कि सलोनी दो-तीन शादियां पहले कर चुकी है। वह वापसी नहीं करेगी।
परिवादी के अनुसार शंका बढ़ी तो सम्पर्क करने पर सलोनी ने दो दिन में लौटने की बात की। उसके बाद वह टालने लगी और फोन भी स्वीच ऑफ कर दिया। तब सरिता को कॉल किया और शादी के समय लिए पैसे लौटाने की बात की तो 35 हजार रुपए ऑनलाइन भेजने के बाद उसने हाथ खड़े कर दिए। उसके बाद वह अपने स्तर पर सलोनी के पीछे लगा। पता चला कि सलोनी पहले से विवाहित और दो बच्चों की मां है।
पीड़ित ने इस संबंध में दिए परिवाद में बताया कि अपनी शादी के लिए योग्य युवती की तलाश के दौरान तीन माह पहले किसी परिचित के जरिए इंदौर निवासी सरिता पत्नी मुकेश जैन के संपर्क में आई। उसने अपनी कुंवारी भांजी इंदौर की सलोनी पुत्री सुरेश सोलंकी के बारे में बताया और शादी की बात चलाई। सलोनी की मां की मृत्यु होना बताया गया। बाद में उसके कथित पिता, सरिता और सलोनी घाटोल आए। यहां रिश्ता तय करने पर 11 जून,2025 को स्टाम्प पर इकरारनामे के बाद सलोनी से उसकी घाटोल में ही शादी कराई गई। तब शादी के खर्च के लिए सरिता ने तीन लाख रुपए नकद और 70 हजार रुपए ऑनलाइन लिए। फिर सलोनी बीस दिन ही पत्नी बनकर उसके साथ रही।
इससे पूर्व सलोनी 2 शादियां कर कर चुकी थी। चौथी शादी महाराष्ट्र में होने की जानकारी पर पीड़ित ने उससे शादी करने वाले युवक से संपर्क कर हकीकत बताई। युवक ने महाराष्ट्र के बुलधाना जिले में धाड़ थाना पुलिस को रिपोर्ट दी तो सलोनी को गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़ित ने सलोनी और उसकी कथित मौसी द्वारा 3.85 लाख रुपए नकदी के अलावा लाखों के जेवर और अन्य सामान लेकर धोखा करने पर कार्रवाई का आग्रह किया।
Published on:
05 Aug 2025 07:47 am