
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत जिला मुख्यालय के गंजपारा स्थित पोहा मिल में जिला स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कुल 163 जोड़ों का रीति-रिवाज के अनुसार विवाह कराया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत बालोद सहित आज प्रदेशभर में आयोजित सामूहिक विवाह में वर्चुअली रूप से जुड़े। उन्होंने प्रदेश में बड़ी संख्या में वर-वधुओं के परिणय सूत्र में बंधने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने सभी वर-वधुओं के खुशहाल एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज प्रदेशभर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के माध्यम से कुल 6414 जोड़े परिणय सूत्र में बंधकर अपने नवजीवन की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने आज के दिन को सभी वर-वधुओं के साथ उनके परिजनों के लिए भी शुभ एवं मंगलमय दिवस बताया। उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले तक गरीब परिवार के माता, पिता एवं उनके परिजनों के लिए बेटी की शादी कर उनका घर बसाना चिंतनीय एवं कठिन कार्य होता था।
यह भी पढ़ें:
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने कार्यकाल में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की शुरुआत कर समाज के गरीब एवं वंचित वर्ग के लोगों के बेेटे-बेटियों को परिणय सूत्र में बांधने का पुनीत कार्य किया गया है। इसके लिए उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को हृदय से धन्यवाद भी ज्ञापित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब प्रदेश में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की शुरुआत की गई थी, उस समय नवविवाहित दंपती को केवल 5 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाती थी। आज इस राशि को बढ़ाकर 35 हजार रुपए कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें:
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने सभी नवदंपतियों को विवाह के पवित्र बंधन में बंधकर नवजीवन में प्रवेश करने के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने इस पल को सभी वर-वधुओं के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण एवं सुखद पल बताते हुए खुशहाल जीवन के लिए मंगल कामना भी की। राज्य शासन मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत परिणय सूत्र में बंधने वाले नवदंपतियों को 35 हजार रुपए की सहायता राशि उनके खाते में ट्रांसफर करेगा।
बालोद के आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति चुन्नी मानकर, जनपद पंचायत बालोद की महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति भुनेश्वरी चंद्राकर भी शामिल हुए। उन्होंने ईश्वर से नवदंपतियों के सफल, सुखद एवं खुशहाल जीवन की कामना की। अतिथियों ने नवदंपतियों के बीच पहुंचकर वधुओं को मंगलसूत्र एवं बिछिया भी भेंट की।
संबंधित विषय:
Updated on:
10 Feb 2026 11:41 pm
Published on:
10 Feb 2026 11:40 pm
