1 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सुरक्षा की दृष्टि से 2 को रात 12 बजे से 5 मार्च तक सील रहेगी भारत- नेपाल सीमा, जानिए वजह

भारत- नेपाल सीमा 2 मार्च आधी रात से 5 मार्च तक पूरी तरह से सील रहेगी। ऐसे में प्रशासन ने अपील की है कि 2 मार्च से पहले यात्रा और व्यापार संबंधी योजनाएं पहले से तय कर लें।

2 min read
Google source verification
सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI

सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI

नेपाल में होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बांके जिला प्रशासन ने भारत-नेपाल सीमा को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। 2 मार्च की रात 12 बजे से 5 मार्च की रात 12 बजे तक रुपईडीहा सहित सभी सीमा नाके पूरी तरह सील रहेंगे।

नेपाल के बांके जिले में आगामी प्रतिनिधि सभा निर्वाचन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिला प्रशासन ने चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या बाहरी हस्तक्षेप की आशंका को ध्यान में रखते हुए भारत से सटी सीमा को तीन दिनों के लिए बंद रखने का फैसला किया है। प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार 2 मार्च की मध्यरात्रि से 5 मार्च की मध्यरात्रि तक सीमा पर आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

सीमा पूरी तरह से रहेगी सील

सहायक प्रमुख जिला अधिकारी महेश कुमार गुरुंग ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पहले यह प्रतिबंध 3 मार्च से लागू करने की योजना थी। लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर इसे एक दिन पहले से प्रभावी कर दिया गया। इस दौरान किसी भी व्यक्ति, वाहन या मालवाहक गतिविधि को सीमा पार करने की अनुमति नहीं होगी। निजी यात्रा, व्यापारिक गतिविधियां और अन्य आवागमन अस्थायी रूप से रोक दिए जाएंगे।

मतदान संपन्न होने के बाद हालात की होगी समीक्षा फिर खुलेगी सीमा

रुपईडीहा बॉर्डर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग दोनों देशों के बीच आना-जाना करते हैं। सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिक व्यापार, चिकित्सा, शिक्षा और पारिवारिक कार्यों के लिए इस मार्ग पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में सीमा बंद रहने से स्थानीय स्तर पर असर पड़ना तय माना जा रहा है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा और व्यापार संबंधी योजनाएं पहले से तय कर लें। मतदान प्रक्रिया 5 मार्च को संपन्न होने के बाद हालात की समीक्षा की जाएगी और स्थिति सामान्य पाए जाने पर सीमा को दोबारा खोल दिया जाएगा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।