
UPSC Result 2025: शुक्रवार को घोषित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम में आजमगढ़ के कई प्रतिभाशाली युवाओं ने सफलता हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है।
बिलरियागंज ब्लॉक के ग्राम शान्तीपुर निवासी भाई-बहन आदित्यहृदय उपाध्याय और आयुषी उपाध्याय ने शानदार प्रदर्शन किया। आदित्यहृदय उपाध्याय ने 154वीं रैंक प्राप्त की, जबकि उनकी छोटी बहन आयुषी उपाध्याय ने 361वीं रैंक हासिल की। दोनों के पिता अधिवक्ता सूर्यप्रकाश उपाध्याय लखनऊ हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं और उनकी माता प्रतिभा उपाध्याय इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं। शैक्षणिक क्षेत्र में भी दोनों का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। आदित्यहृदय उपाध्याय रुड़की से बीटेक में गोल्ड मेडलिस्ट हैं और इससे पहले यूपीएससी में चयनित होकर आईआरएस (असिस्टेंट कमिश्नर, इनकम टैक्स) के पद पर कार्यरत हैं। वहीं आयुषी उपाध्याय ने नेशनल लॉ कॉलेज से ग्रेजुएशन में गोल्ड मेडल हासिल किया है। यह उनका दूसरा प्रयास था, जिसमें उन्हें सफलता मिली।
इसके अलावा कप्तानगंज क्षेत्र के च्योंता निवासी रुद्र प्रताप सिंह ने भी चौथे प्रयास में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 345वीं रैंक प्राप्त की है। सफलता की खबर मिलने के बाद परिवार के लोगों ने मंदिर में मत्था टेककर भगवान का आशीर्वाद लिया। रुद्र प्रताप सिंह ने अपनी 10वीं और 12वीं की पढ़ाई चिल्ड्रेन कॉलेज से की थी।
इसी तरह मेंहनगर ब्लॉक के गुरेहथा गांव के निवासी कुंवर राज सिंह ने भी यूपीएससी में फाइनल चयन हासिल किया है। वह आजमगढ़ स्थित गरुण होटल के निदेशक बिजेंद्र सिंह के पौत्र और राजीव सिंह के पुत्र हैं।
जिले के इन युवाओं की सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Published on:
06 Mar 2026 08:16 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
