
Azamgarh news, Pic- Patrika
Accident News: जनपद के जीयनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामसर पेट्रोल पंप के पास आजमगढ़–गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार सभी लोग दोहरीघाट से एक अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जामसर पेट्रोल पंप के निकट चालक का वाहन पर से नियंत्रण बिगड़ गया और टेंपो सड़क किनारे पलट गया।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने संदीप प्रजापति (31) और छेदी (56), दोनों निवासी फराज टोला, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़ को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि संदीप और छेदी के साथ जगदीश और सुभाष भी टेंपो में सवार थे, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
सूचना मिलने पर जीयनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Published on:
15 Feb 2026 10:22 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
