विदेश

इजरायल पर ईरान ने कर दिया बड़ा हमला, कहा- पलटवार किया तो मच जाएगी तबाही

ईरान ने देर रात इजरायल पर बड़ा हमला किया। इसके साथ ही, IRGC ने इजरायल को चेतावनी दी है कि यदि उसने पलटवार किया तो तबाही मचना तय है।

2 min read
Jun 08, 2026
Iran attacks Kuwait
ईरान ने किया हमला (File Photo)

ईरान ने देर रात इजरायल पर बड़ा हमला किया। इसके साथ ही, IRGC ने इजरायल को चेतावनी दी है कि यदि उसने पलटवार किया तो तबाही मचना तय है। इजरायली सेना ने कहा कि ईरान ने अब तक हमारी ओर चार बार मिसाइलें दागी हैं। सभी मिसाइलों को रोक दिया गया है। मिसाइल हमले के बाद इजरायल में सायरन बजने शुरू हो गए। IDF ने कहा कि सभी मिसाइलों के इंटरसेप्ट करके हवा में ही तबाह कर दिया गया। इस हमले में किसी के घायल होने या नुकसान की कोई खबर नहीं है।

ईरान और लेबनान के झंडों की तस्वीर की पोस्ट

रविवार देर रात ईरान के विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास अराघची ने ईरान और लेबनान के झंडों के साथ एक तस्वीर पोस्ट की। इसमें उन्होंने लेबनान में रहने वाले शिया मुसलमानों और हिजबुल्लाह के प्रति अपना समर्थन जताया। वहीं, ईरान के सुप्रीम कमांडर अयातुल्लाह मोजतबा खामेनेई के सलाहकार मोहसेन रेजाई का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि ईरान ने बार-बार चेतावनी दी थी कि वह युद्धविराम के उल्लंघन और लेबनान पर हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगा। हमलावरों को आज रात इसका जवाब मिल गया।

ईरान ने कर दी बहुत बड़ी गलती: इजरायल

शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल डिफेंस फोर्सेस (IDF) के प्रवक्ता एफी डेफ्रिन ने रविवार को कहा कि ईरान ने इजराइल पर मिसाइलें दागकर बहुत बड़ी गलती की है। उन्होंने कहा कि सेना और मिसाइल हमलों का सामना करने के लिए तैयार है। डेफ्रिन ने बताया कि IDF के चीफ ऑफ स्टाफ एयाल जमीर हालात का जायज़ा ले रहे हैं और अगले कदमों के लिए योजनाओं को मंजूरी दे रहे हैं।

200 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक

ईरानी हमलों के बाद इजरायल के होम फ्रंट कमांड ने पूरे देश में नागरिक सुरक्षा से जुड़े नियम कड़े कर दिए हैं और खुली जगहों पर 200 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी है। उन्होंने बताया कि जिन जगहों पर मानक सुरक्षा व्यवस्था है, वहां घर के अंदर 500 लोगों तक के इकट्ठा होने की इजाजत है, जबकि स्कूल और समुद्र तट बंद कर दिए गए हैं। ये निर्देश तुरंत लागू हो गए हैं। इजरायली सेना ने नागरिकों को शेल्टर और सुरक्षित कमरों के पास रहने का निर्देश भी दिया, क्योंकि और मिसाइल हमले होने का डर है।

ईरान के समर्थन में उतरे इराकी मिलिशिया और हूती विद्रोही

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स ने रविवार को एक बयान में कहा कि उसने लेबनान में इजरायल के बड़े अपराधों के जवाब में बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया। ईरान ने ये हमले तब किए जब इजरायल ने रविवार को लेबनान की राजधानी बेरूत में कई जगहों पर हमला किया। इजरायल ने कहा कि उसने हिजबुल्लाह के ठिकानो को निशाना बनाया है।

ईरान की सहयोगी इराकी मिलिशिया 'कताइब हिजबुल्लाह' ने रविवार रात धमकी दी कि अगर अमेरिका ईरान पर हमला करता है, तो वे अमेरिकी सैन्य ठिकानों और हितों पर हमला करेंगे। वहीं, यमन के हूथी समूह ने रविवार को इजरायल के खिलाफ ईरान के हमलों का समर्थन करने का वादा किया।

Updated on:
08 Jun 2026 07:52 am
Published on:
08 Jun 2026 06:50 am