Varanasi news। Young man fight with policemen : सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक पुलिसकर्मियों की पिटाई कर रहा है।
Police bitten by young man in varanasi: वाराणसी में कोतवाली थाना क्षेत्र के मंडलीय अस्पताल के बाहर पुलिसकर्मियों को पीटते एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो मंगलवार की देर रात का है और पुलिसकर्मियों को पीटने वाला युवक वाराणसी के ही पियरी इलाके का रहने वाला है, जो नशा मुक्ति केंद्र से भाग कर मंडलीय अस्पताल के सामने पहुंचा हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक पुलिसकर्मियों की पिटाई कर रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो वाराणसी के कोतवाली थाना क्षेत्र के कबीर चौरा स्थित मंडलीय अस्पताल के बाहर का है। पुलिसकर्मियों की पिटाई कर रहे हैं युवक की पहचान पारसनाथ यादव के बेटे मुकेश यादव के रूप में हुई है, जो पियरी इलाके का रहने वाला है।
वीडियो में दिख रहा है कि युवक पहले पुलिस जीप में बैठे पुलिसकर्मी को पीटता है। उसके बाद पास में ही खड़े एक दारोगा और एक कांस्टेबल के ऊपर ताबड़तोड़ हमले करना शुरू कर देता है। इस घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वहीं, युवक द्वारा पुलिसकर्मियों को पीटे जाने की खबर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पड़कर थाने ले आई। इसके साथ ही उसके परिजनों को मामले की जानकारी दी गई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा मानसिक रूप से विक्षिप्त है और उसका इलाज नशा मुक्ति केंद्र में चल रहा है। उन्होंने बताया कि मुकेश अत्यधिक नशा करता था, जिसकी वजह से उसे नशा मुक्ति केंद्र में दाखिल कराया गया था। उन्होंने आशंका जताई है कि मुकेश ताला तोड़कर वहां से भाग निकला है। इसके बाद मंडलीय अस्पताल के बाहर पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
वहीं, पुलिस ने बताया है कि आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है और उसका मेडिकल कराया जा रहा है। कोतवाली पुलिस ने बताया है कि युवक के परिजनों ने उसे मानसिक रूप से बीमार बताया है। इसी वजह से उसका मेडिकल कराया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मेडिकल जांच के बाद आरोपी युवक के साथ उचित कार्रवाई की जाएगी।