# उन्नाव

मौसम विभाग की चेतावनी, यूपी में सक्रिय होने जा रहा नया पश्चिमी विक्षोभ, 28-29 और 30 मई को आंधी और बारिश

UP Weather Orange Alert: यूपी में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 28 मई से नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होगा। इसकी वजह से 28-29 और 30 मई को आंधी के साथ बारिश की संभावना है।

2 min read
प्रतीकात्मक फोटो।PC: IANS

Weather Update: उत्तर प्रदेश में सोमवार रात अचानक मौसम ने करवट ले ली। दिनभर भीषण गर्मी और लू झेल रहे लोगों को देर शाम तेज आंधी और बारिश से राहत मिली। कई जिलों में तेज हवाएं चलीं, जबकि कुछ जगहों पर बारिश के साथ बिजली भी कड़की। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

उन्नाव में देर रात तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। मौसम बदलते ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने उमस व गर्मी से राहत महसूस की। राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी अपडेट में कहा गया है कि अगले तीन घंटों के दौरान लखनऊ, बाराबंकी, बरेली, हरदोई, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर और बहराइच में तेज आंधी और बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने और तूफान की आशंका को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद और हापुड़ समेत कई जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां धूलभरी आंधी, हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

दिलचस्प बात यह है कि सोमवार से नौतपा की शुरुआत भी हो चुकी है। आमतौर पर इस दौरान भीषण गर्मी पड़ती है, लेकिन मौसम में अचानक बदलाव ने लोगों को चौंका दिया है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले नौ दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है तथा कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।

बांदा कल प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा

सोमवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। झांसी में पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा जालौन में 45.8, आगरा में 45.5 और प्रयागराज में 45.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी के कारण जमीन और ऊपरी हवा के तापमान में बड़ा अंतर बन गया है। इसी वजह से आंधी और बारिश जैसी परिस्थितियां पैदा हो रही हैं। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जो मौसम को प्रभावित कर रही है।

28 मई को सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती हवाओं का प्रभाव भी बना हुआ है। ऐसे में 28, 29 और 30 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं।