Kalbhairav VIP Darshan: महाकाल के बाद कालभैरव के दर्शन की बदलने वाली है व्यवस्था, VIP दर्शन कर सकेंगे श्रद्धालु
Kalbhairav VIP Darshan: बाबा महाकाल के सेनापति कालभैरव के दरबार में 500 रुपए की रसीद से वीआइपी दर्शन की व्यवस्था शुरू हो गई। अब सामान्य वीआइपी के लिए 250 रुपए की व्यवस्था शुरू होने जा रही है। मंदिर प्रशासन ने साफ किया कि 250 रुपए वाली शीघ्र दर्शन व्यवस्था उन श्रद्धालुओं के लिए रहेगी, जो वीआइपी प्रोटोकॉलसे मंदिर पहुंचेंगे। इस रसीद से वे गर्भगृह के बाहर से ही सीधे और जल्दी दर्शन कर सकेंगे।
मंदिर प्रशासक संध्या मार्कण्डेय ने बताया, आम श्रद्धालुओं के लिए बैरिकेड्स से ही दर्शन व्यवस्था रहेगी, जो कि वर्तमान में सुचारू है। बता दें, महाकाल (Mahakal) उज्जैन, काल भैरव के साथ ही भूमिपुत्र मंगलनाथ (Mangalnath) के दरबार में भी शीघ्र दर्शन के लिए 100 रुपए की रसीद काटी जाती है।
मंदिर में पिछले दिनों शुरू हुई 500 रुपए की रसीद से वीआइपी दर्शन व्यवस्था के बाद, मंदिर प्रशासन सामान्य वीआइपी के लिए 250 रुपए रसीद व्यवस्था एक-दो दिन में शुरू करेगा।
बता दें कि अब तक उज्जैन महाकालेश्वर में VIP दर्शन की सुविधा थी। जहां श्रद्धालु शीघ्र दर्शन के साथ ही गर्भगृह में दर्शन के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग कर सकते हैं। अब इसी तर्ज पर उज्जैन के कालभारव मंदिर में भी श्रद्धालु VIP दर्शन की व्यवस्था शुरू होने के बाद अतिशीघ्र दर्शन कर सकेंगे। इसके अलावा वे गर्भगृह में एंट्री करके भी दर्शन का लाभ ले सकेंगे।