# टोंक

Tonk News : देवली बस स्टैंड शहर से होगा बाहर! परिवहन निगम ने जिला कलक्टर टोंक को लिखा पत्र

Tonk News : राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने जिला कलक्टर टोंक को पत्र भेजकर देवली बाईपास पर नई कृषि उपज मंडी के पास मुख्य सड़क किनारे करीब 7 हजार वर्गमीटर भूमि निःशुल्क आवंटित करने का आग्रह किया है।

2 min read
देवली. शहर के वर्तमान बस स्टैंड पर खड़ी बसें। फोटो पत्रिका

Tonk News : शहर से पहले कृषि उपज मंडी बाहर शिफ्ट हो चुकी है और अब यदि समय रहते व्यवस्थाएं नहीं सुधरी तो रोडवेज बस स्टैंड भी शहर से दूर जा सकता है। राज्य सरकार की बजट घोषणा 2026-27 के तहत देवली में आधुनिक बस स्टैंड निर्माण की कवायद तेज हो गई है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने जिला कलक्टर टोंक को पत्र भेजकर देवली बाईपास पर नई कृषि उपज मंडी के पास मुख्य सड़क किनारे करीब 7 हजार वर्गमीटर भूमि निःशुल्क आवंटित करने का आग्रह किया है। कार्यकारी निदेशक (प्रशासन) चांदमल वर्मा की ओर से 14 मई को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि वर्तमान नगरपालिका संचालित बस स्टैंड जन सुविधाओं और यातायात संचालन की दृष्टि से उपयुक्त नहीं रह गया है।

उप मुख्यमंत्री (वित्त) की बजट घोषणा के तहत देवली में विकास कार्य प्रस्तावित है, जिनकी क्रियान्विति के लिए आधुनिक बस स्टैंड आवश्यक है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि राजस्व विभाग की 2 मई 2023 की अधिसूचना के अनुसार परिवहन निगम को बस अड्डा, डिपो, कार्यालय और कार्यशाला निर्माण के लिए निःशुल्क भूमि आवंटन का प्रावधान है। निगम ने स्पष्ट किया कि भूमि उपलब्ध होने पर बजट घोषणा के अनुरूप आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कराया जाएगा।

अतिक्रमण से यातायात प्रभावित

वर्तमान बस स्टैंड और मुख्य सड़क मार्ग पर लगातार बढ़ता अतिक्रमण भी नई जगह बस स्टैंड बनाने की बड़ी वजह बन रहे हैं। पेट्रोल पंप से छतरी तक मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित रहता है। वहीं बस स्टैंड परिसर में ठेलों और अस्थायी दुकानों के चलते चालक-परिचालकों और ठेला संचालकों के बीच विवाद की शिकायतें आम हो गई हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन को जानकारी होने के बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हो सका है। ऐसे में निगम ने वर्तमान स्थान से करीब 5 किलोमीटर दूर नई मंडी क्षेत्र में बस स्टैंड निर्माण के लिए भूमि मांगी है।

जयपुर चौराहा क्षेत्र भी माना जा रहा बेहतर विकल्प

बस स्टैंड के संभावित स्थान को लेकर शहर में चर्चाएं तेज हैं। कुछ लोग नई मंडी क्षेत्र के बजाय जयपुर चौराहा और बीसलपुर सर्किट हाउस के सामने सीआईएसएफ नियंत्रण क्षेत्र के पास खाली पड़ी भूमि को अधिक उपयुक्त मान रहे हैं।

स्थानीय लोगों का तर्क है कि यह स्थान कोटा, जयपुर, अजमेर और भीलवाड़ा सहित सभी प्रमुख मार्गों से जुड़ा हुआ है। चारों तरफ सड़क संपर्क होने से बसों की आवाजाही भी आसान रहेगी और यात्रियों को शहर से दूर जाने की परेशानी नहीं होगी। साथ ही सीआईएसएफ के लिए भी स्टेशन नजदीक बना रहेगा।