Peddi Twitter Review: राम चरण और जाह्नवी कपूर की फिल्म 'पेड्डी' आज 4 जून को थिएटर्स में रिलीज हो गई है। फिल्म का फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखकर आए फैंस ने रिएक्शन देने शुरू कर दिए हैं। लोग राम चरण की एक्टिंग और एआर रहमान के संगीत की जमकर तारीफ कर रहे हैं। साथ ही क्लाइमेक्स को नेशनल अवॉर्ड के लायक बता रहे हैं।
Peddi Twitter Review In Hindi: साउथ सिनेमा के 'ग्लोबल स्टार' राम चरण और बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर की जोड़ी आखिरकार बड़े पर्दे पर धमाल मचाने आ चुकी है। बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म 'पेड्डी' 3 जून को अपने शानदार प्रीमियर स्क्रीनिंग के बाद आज 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त माहौल बना हुआ था और अब पहला शो खत्म होते ही सोशल मीडिया पर पब्लिक के रिएक्शंस की बाढ़ आ गई है। शुरुआती रिव्यूज को देखकर यह साफ कहा जा सकता है कि यह फिल्म सिर्फ एक मसाला एंटरटेनर नहीं है, बल्कि दर्शकों को भावुक कर देने वाली एक सच्ची कहानी है।
फिल्म देखकर थिएटर्स से बाहर निकले दर्शकों का एक बड़ा वर्ग राम चरण के जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन और उनकी जबरदस्त एक्टिंग की तारीफ करते नहीं थक रहा है। दर्शकों का मानना है कि राम चरण ने पूरी कहानी का इमोशनल एंगल अकेले अपने कंधों पर उठाया है। एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, "फिल्म में मजबूत इमोशनल कनेक्ट इसकी सबसे बड़ी ताकत है। राम चरण ने अपने करियर का सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस दिया है। फिल्म के आखिरी 40 मिनट आपके दिल को गहराई से छू जाएंगे।"
फिल्म के फर्स्ट हाफ को कुछ दर्शकों ने थोड़ा नॉर्मल और रूटीन कमर्शियल टेम्पलेट जैसा बताया है, वहीं जाह्नवी कपूर पर फिल्माया गया गाना भी उम्मीदों पर पूरी तरह खरा नहीं उतरा। लेकिन इंटरवल से ठीक पहले का सीन और 'मस्सा मस्सा' गाने का अंत फिल्म की असली जान है, जो दर्शकों को स्क्रीन से बांध देता है।
फिल्म के अंतिम क्षणों और क्लाइमेक्स को लेकर दर्शकों की बेहद सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। लोग फिल्म के आखिरी हिस्से को देखकर भावुक हो रहे हैं। एक अन्य यूजर ने लिखा, "यह एक ऐसे इंसान की कहानी है जो अपने गांव और वहां के लोगों को सम्मान दिलाने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। राम चरण और यह फिल्म राष्ट्रीय पुरस्कार के हकदार हैं। एक अन्य ने लिखा, "पूरी पेड्डी टीम को बधाई ये एक ब्लॉकबस्टर फिल्म है।"
फिल्म के तकनीकी पहलू और एलिवेशन सीक्वेंस के दौरान बैकग्राउंड में बजने वाले अंग्रेजी बोल दर्शकों को बेहद पसंद आ रहे हैं। फिल्म का दूसरा पार्ट मैसेज से भरा हुआ है जो दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। निर्देशक बुची बाबू सना को इस शानदार कहानी और बेजोड़ प्रस्तुति के लिए हर तरफ से सराहना मिल रही है। बता दें कि 'पेड्डी' में राम चरण और जाह्नवी कपूर के अलावा कन्नड़ सुपरस्टार शिव राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु और बोमन ईरानी जैसे कलाकारों ने भी अपने अभिनय का दम दिखाया है।