# सिवान

दिल्ली से बिहार जा रही बस लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर पलटी, दरोगा-कैदी समेत 5 की मौत

दिल्ली से बिहार आ रही डबल डेकर AC बस उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर पलट गई। हादसे में बिहार के एक दरोगा और कैदी समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जांच में ड्राइवर को झपकी आने की बात सामने आई है।

2 min read
ट्रक की टक्कर में हवलदार की मौत (photo source- Patrika)

दिल्ली से बिहार आ रही डबल डेकर AC बस मंगलवार की सुबह करीब 5 बजे अनियंत्रित होकर यूपी के उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर पलट गई। इसमें में बिहार के दरोगा-कैदी समेत पांच यात्रियों की मौत हो गई। इस हादसे में 3 पुलिसकर्मी समेत 15 लोग जख्मी हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार सीवान पुलिस कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में कैदी को पेशी के लिए लेकर गई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में हादसा का कारण ड्राइवर को झपकी लगना बताया जा रहा है।

ड्राइवर की झपकी से पलटी बस

सड़क हादसे में मरने वाले पांच लोगों में से दो की पहचान हो गई है, जबकि तीन मृतकों की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतकों में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम (59) और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर (59) शामिल हैं। सीवान पुलिस कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर को पेशी के लिए गुरुग्राम कोर्ट लेकर गई थी। कोर्ट में पेशी के बाद लौटने के दौरान यह हादसा हो गया, जिसमें उसकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बस तेज रफ्तार में थी। आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण उसने बस से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई और रेलिंग पर लटक गई। हादसे में कई यात्री बस की खिड़कियों से एक्सप्रेस-वे के नीचे जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

एक्सप्रेस-वे हादसे के बाद राहत-बचाव तेज

पुलिस के अनुसार यह हादसा औरास थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 262 के पास हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर यूपी पुलिस और एंबुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। इसके बाद घायलों को पास के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, अब तक 27 घायलों को एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य को जिला अस्पताल भेजा गया है। राहत और बचाव कार्य के लिए 6 से 7 एंबुलेंस लगाई गई हैं। फिलहाल 27 घायलों का इलाज पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।