# सीकर

Rajasthan Monsoon 2026: राजस्थान में बारिश और ओले गिरने के बाद आया मानसून पर IMD का अपडेट, अल-नीनो दिखा रहा है असर

Rain In Rajasthan: राजस्थान में हाल ही में हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि के बीच मानसून 2026 को लेकर नया अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग के अनुसार अल-नीनो के प्रभाव से इस बार मानसून की रफ्तार धीमी पड़ सकती है, जिससे कई राज्यों में इसके आगमन में देरी होने की आशंका है।

2 min read
मौसम की फोटो: पत्रिका

Rajasthan Weather Update: राजस्थान के कई जिलों में बारिश होने और ओले गिरने के बाद मौसम विशेषज्ञों ने मानसून की अपडेट दी है। IMD के अनुसार इस बार अल नीनो के असर से मानसून की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। सामान्यतः मानसून मध्य जून तक महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ पहुंच जाता है तथा 8 जुलाई तक राजस्थान समेत पूरे देश में फैल जाता है। हालांकि इस बार इसके देरी से आने की संभावना जताई जा रही है। राजस्थान की खरीफ फसलें काफी हद तक बारिश पर निर्भर हैं, ऐसे में मानसून में देरी कृषि क्षेत्र को प्रभावित कर सकती है। बारिश के दौरान कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई तथा सड़कों पर पानी बहने लगा। शहर में चल रही नालों की सफाई के दौरान निकाला गया भी बारिश के पानी के साथ वापस नालियों में बह गया। वहीं श्रीमाधोपुर, अजीतगढ़ सहित कई इलाकों में करीब दस मिनट तक बारिश का दौर चला।

मानसून से पहले बेहतर हो सुविधा: कलक्टर

सीकर शहरी निकायों की प्रगति रिपोर्ट को लेकर कलक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में नगर परिषद कॉन्फ्रेंस हॉल में शुक्रवार को बैठक हुई। विभिन्न विकास कार्यों, स्वच्छता अभियानों, आधारभूत सुविधाओं, राजस्व कार्यों व जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा के साथ कलक्टर ने इस दौरान निकाय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

स्वच्छता, सड़क, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था व अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय रखें। उन्होंने कहा कि आगामी मानसून को देखते हुए नालों-नालियों की सफाई, सड़क मरम्मत व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से पूरा करें। उन्होंने मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र व नागरिक जनसुविधा केंद्र का निरीक्षण भी किया। बैठक में युआइटी सचिव जगदीशप्रसाद गौड़, आयुक्त शशिकांत शर्मा, अधिशाषी अभियंता प्रवीण चौधरी, सहायक अभियंता वाजिद अहमद, कनिष्ठ अभियंता सुरेंद्र गोदारा, ईओ फतेहपुर अनिता खीचड़, खाटूश्यामजी ईओ ओम प्रकाश आदि मौजूद रहे।

अगले 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान सीकर, झुंझुनूं सहित कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ और मेघगर्जना के साथ हल्की बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 30 और 31 मई को पश्चिमी विक्षोभ का असर सबसे ज्यादा रहने की संभावना है।

देर रात जिले के नीमकाथाना और पाटन क्षेत्र में एक इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि कई जगह ओलावृष्टि भी हुई। शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर सुबह से ही गर्मी के तेवर नरम रहे। दिन के तापमान में करीब पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शाम होते-होते काली घटाएं छा गईं और तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली चमकने के बीच रात करीब आठ बजे तेज बारिश हुई।