# सीकर

Sikar Crime: बड़ी बेटी के लिव-इन-पार्टनर ने 14 साल की छोटी बहन से किया रेप, थाने पहुंचकर मां ने दर्ज कराया मामला

Rajasthan Crime: सीकर जिले में बड़ी बहन के साथ रह रहे उसके लिवइन पार्टनर ने ही उसकी 14 साल की नाबालिग छोटी बहन के साथ बलात्कार किया। बड़ी बहन को इस बारे में बताने पर उसने व उसके प्रेमी ने परिवार को धमकी भी दी।

2 min read
प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका

Live-In-Partner Raped Minor Sister: सीकर जिले में एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां बड़ी बेटी के लिव-इन-पार्टनर पर उसकी 14 साल की छोटी बहन से रेप करने का आरोप लगा है। घटना सामने आने के बाद पीड़िता की मां ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पीड़िता की बड़ी बहन कुछ समय पहले घर छोड़कर एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी थी।

बड़ी बहन की नाबालिग छोटी बहन से किया रेप

परिवार के अनुसार उसी युवक ने मौका पाकर बड़ी बहन की नाबालिग छोटी बहन के साथ रेप किया। घटना के बाद डरी-सहमी नाबालिग ने अपने परिवार को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद परिवार ने बड़ी बेटी से संपर्क कर मामले की जानकारी दी।

आरोप है कि इस दौरान बड़ी बेटी और उसके लिव-इन-पार्टनर ने परिवार पर दबाव बनाया और किसी को घटना के बारे में नहीं बताने की धमकी दी। बावजूद इसके पीड़िता की मां ने साहस जुटाते हुए पुलिस की शरण ली और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।

आरोपी युवक फरार

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नाबालिग का मेडिकल करवाया है। साथ ही पीड़िता के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी युवक फिलहाल फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच पोक्सो एक्ट के तहत की जा रही है क्योंकि पीड़िता की उम्र 18 वर्ष से कम है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं परिवार सदमे में है और पीड़िता को मानसिक सहयोग देने की कोशिश की जा रही है।

बजरंग दल का आरोप शादीशुदा युवक लव जिहाद में फंसा रहा था युवती

वहीं दूसरा मामला सीकर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने एक युवक और युवती को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कार्यकर्ताओं ने इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए आरोप लगाया कि युवक पहले से शादीशुदा है। हालांकि पुलिस ने युवक-युवती को पकड़ने वाले बजरंग दल के चार पदाधिकारियों को शांतिभंग के आरोप में हिरासत में ले लिया। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने उद्योग नगर थाने और बाद में कलक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। मामला बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सीओ सिटी मौके पर पहुंचे तथा समझाइश के बाद मामला शांत कराया गया।