# सीधी

एमपी में बेटे ने दी पिता की हत्या की सुपारी, काम होने के बाद ऑनलाइन ट्रांसफर किए पैसे

Son Killed Father: 19 मई को सूखे कुएं में मिली जली हुई लाश की गुत्थी सुलझी, मृतक का बेटा ही निकला मास्टरमाइंड, सुपारी देकर कराई थी पिता की हत्या।

2 min read
son gave supari to kill father

Supari Killing: मध्यप्रदेश के सीधी जिले से रिश्तों के कत्ल की एक बेहद चौंका देने वाली खबर सामने आई है। यहां जिस बेटे ने पिता की उंगली पकड़कर चलना सीखा, उसी ने पिता की हत्या करवा दी। बेटे ने पिता की हत्या की सुपारी दी और पिता की हत्या होने के बाद हत्यारों को ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर भी किए। पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे सहित सुपारी देकर हत्या करने वाले 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सूखे कुएं में मिला था जली हालत में शव

पुलिस ने रिश्तों के कत्ल की इस वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि जिले के करमाई पड़ोहर टोला गांव का रहने वाला 56 वर्षीय राजभान अगरिया 16 मई की रात से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच 19 मई को सूखे कुएं से तेज दुर्गंध आने पर जब ग्रामीण कुएं के पास पहुंचे तो उसमें एक जला हुआ शव नजर आया। शव देखते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सूखे कुएं से बाहर निकाला। शव जली हालत में था जिसकी बाद में पहचान लापता राजभान अगरिया के तौर पर हुई। पोस्टमार्टम में सिर पर गंभीर चोट और जलाने के साक्ष्य मिलने के बाद हत्या की पुष्टि हुई और पुलिस ने मामले की जांच तेज की।

बेटे ने ही रची थी साजिश

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डिटेल और पूछताछ के आधार पर खुलासा किया कि मृतक का पुत्र कमलभान अगरिया अपने पिता के व्यवहार और आए दिन होने वाले विवादों के कारण नाराज था। उसने अपने परिचित रबी सिंह गोंड़ को पिता की हत्या के लिए पांच हजार रुपए देने की बात कही थी। साजिश के तहत आरोपियों ने 16 मई की रात राजभान को घर से बाहर बुलाकर डंडों और खूंटे से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को कंबल में लपेटकर सूखे कुएं में फेंक दिया गया और पहचान मिटाने के लिए आग लगा दी गई। वारदात के बाद कमलभान ने मोबाइल ट्रांजेक्शन के जरिए आरोपियों को पांच हजार रुपए भेजे थे।

दस आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में रबी सिंह गोंड़, कमलभान अगरिया, राजगोपाल सिंह गोंड़, चंद्रबली सिंहू, ज्ञानेंद्र सिंह, नीरज सिंह, नीरज सिंह गोंड उर्फ किशन, अजय प्रताप, रिंकू कोल और शनी सिंह को गिरफ्तार किया है। सीधी एसपी संतोष कोरी ने कहा है कि जघन्य अपराधों में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। मझौली पुलिस ने अत्यंत गंभीर एवं अंधे हत्या प्रकरण का खुलासा कर उत्कृष्ट कार्य किया है। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।