# शहडोल

शहडोल को मिली 2300 करोड़ की सिंचाई परियोजना, धनपुर को मिली अत्याधुनिक वाटर पार्क की सौगात

माता शबरी जयंती की शुभकामनाएं देते हुए मुयमंत्री ने कहा कि शबरी मैया निष्कपट भक्ति और समर्पण का सर्वोच्च प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने शबरी के जूठे बेर खाकर समाज को जातिगत भेदभाव खत्म करने की प्रेरणा दी थी। मनुष्य से मनुष्य का प्रेम ही हमारी सनातन संस्कृति की असली विशेषता है।

2 min read

शहडोल। मुयमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शहडोल जिले के धनपुरी में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विकास के लिए सौगातों की झड़ी लगा दी। मुयमंत्री ने यहां लगभग 20 करोड़ रुपए की लागत से बने अत्याधुनिक वाटर पार्क, स्विमिंग पूल और क्लब हाउस का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सच्चा वादा और पक्का काम ही राज्य सरकार की मूल पहचान है।

शबरी जयंती पर सामाजिक समरसता का संदेश
माता शबरी जयंती की शुभकामनाएं देते हुए मुयमंत्री ने कहा कि शबरी मैया निष्कपट भक्ति और समर्पण का सर्वोच्च प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने शबरी के जूठे बेर खाकर समाज को जातिगत भेदभाव खत्म करने की प्रेरणा दी थी। मनुष्य से मनुष्य का प्रेम ही हमारी सनातन संस्कृति की असली विशेषता है।

विकास की बड़ी घोषणाएं:
-सोन नदी माइक्रो इरीगेशन प्रोजेक्ट: लगभग 2300 करोड़ रुपए की लागत से सोन नदी पर चार माइक्रो सिंचाई परियोजनाएं निर्मित होंगी। इससे 122 गांवों की 50 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी।

शिक्षा और अधोसंरचना: जैतपुर को नगर पंचायत बनाने, जैतपुर महाविद्यालय में कला-विज्ञान संकाय के भवन निर्माण और एक नए महाविद्यालय की घोषणा की गई। इसके साथ ही शहडोल मेडिकल कॉलेज में सीटें बढ़ाने का आश्वासन भी दिया।

सडक़ निर्माण: जिले में 160 करोड़ की लागत से 45 किमी लंबी सडक़ और 3 किमी लंबे मॉडल रोड के निर्माण को मंजूरी दी गई।
-विद्यार्थियों के लिए लाइब्रेरी और कोचिंग सुविधाओं हेतु गीता भवन बनाया जाएगा।

आर्थिक सशक्तिकरण और किसान कल्याण
मुयमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश नदियों का मायका है और सरकार सिंचाई के रकबे को निरंतर बढ़ा रही है।

सोलर पंप वितरण: खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए सरकार 30 लाख किसानों को सोलर पंप वितरित करेगी।

महिला सशक्तिकरण: लाड़ली बहना, लखपति दीदी और रजिस्ट्री में महिलाओं को 2 प्रतिशत की छूट जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुयमंत्री ने कहा कि आने वाला समय मातृशक्ति का है।

पर्यटन और मनोरंजन का नया केंद्र :
10 एकड़ में फैले इस अत्याधुनिक वाटर पार्क का निरीक्षण करते हुए मुयमंत्री ने यहां उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की। इस पार्क में एक्वा टॉवर, स्विमिंग पूल, कॉन्फ्रेंस हॉल और बैंक्वेट हॉल जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं हैं, जो क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देंगी।
इस कार्यक्रम में प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल, सांसद हिमाद्री सिंह, विधायक जय सिंह मरावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और भारी संया में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।