# सतना

MP Bus Accident: चित्रकूट-सतना मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलटी बस, राहत-बचाव कार्य जारी

MP Bus Accident: सतना जिले में शुक्रवार को बस का टायर फट गया, जिससे वो अनियंत्रित होकर पलट गई...। इस घटना में 20 लोगों के घायल होने के समाचार हैं, वहीं कुछ लोगों की मौत भी हुई है, जिसकी पुष्टि नहीं हुई है...।

2 min read
चित्रकूट से सतना जा रही एक बस शुक्रवार को पलट गई। ( प्रतिकात्मक फोटो पत्रिका)

Satna Bus Accident- सतना जिले में शुक्रवार को सुबह सड़क दुर्घटना में चित्रकूट हाईवे पर सोनार कोठी के पास एक बस दुर्घटना ग्रस्त हो गई है। इसमें 20 लोग सवार थे। इसमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। किसी मौत की पुष्टि नहीं है। बताया जा रहा है कि घटना में घायलों की संख्या को देखते हुए 10 एंबुलेंस भेजी गई है।

हादसा सोनार कोठी के पास शुक्रवार को सुबह हुआ। चित्रकूट से सतना जा रही बस का टायर अचानक फट गया और बस अनियंत्रित हो गई। बस के पलट जाने से उसमें सवार 20 यात्रियों के घायल होने के समाचार हैं। बताया जा रहा है कि इसमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल किसी मौत की पुष्टि नहीं हुई है। घायलों को नजदीकी कोठी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस उपाध्याय ट्रेवल्स की थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज विस्फोट जैसी आवाज के बाद बस का संतुलन बिगड़ा और देखते ही देखते बस पलट गई। बस में यात्रियों की चीख-पुकार मच गई थी।

बचाव कार्य जारी

बस के पलटते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई थी। बस दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर आए और यात्रियों को एक-एक करके बाहर निकाला गया। इसमें स्थानीय लोगों की भूमिका सराहनीय रही। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थी। लोगों को पास के ही कोठी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटनास्थल पर मौजूद क्रेन की सहायता से बस को हाईवे के किनारे किया जा रहा है। हादसे के बाद से दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई थीं। घटनास्थल पर प्रशासन का अमला भी पहुंच गया था। अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल है, काफी देर तक लोग अपने परिजनों को खोजते रहे। फिलहाल प्रशासन घायलों और मृतकों की सूची बना रहा है। थोड़ी देर में स्पष्ट हो सकेगा कि कौन-कौन घायल हैं।

एक्सीडेंट जोन है यह

बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पहले भी इसी इलाके में दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इससे एक दिन पहले चित्रकूट-सतना मार्ग पर कोठी थाना क्षेत्र के थाड़ी पत्थर के पास दो ट्रक आपस में टकरा गए थे। इस हादसे में जनहानि तो नहीं हुई लेकिन दुर्घटना के कारण चित्रकूट-सतना मार्ग पर लंबा जाम लग गया था। कोठी पुलिस ने जैसे तैसे कई घंटों की मेहनत के बाद जाम खुलवाया था। इस दौरान वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा था।