इस घटना में नीरज प्रजापति पुत्र हीरालाल प्रजापति 38 वर्ष की मौत हो गई, जबकि उसका साथी सूरज अहिरवार 40 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया।
शाहपुर क्षेत्र के बरेठा बाबा की घाटी के पास शुक्रवार देर रात अवैध शराब परिवहन के पुराने विवाद को लेकर शराब दुकान के कर्मचारियों ने दो लोगों के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट की। इस घटना में नीरज प्रजापति पुत्र हीरालाल प्रजापति 38 वर्ष की मौत हो गई, जबकि उसका साथी सूरज अहिरवार 40 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया।
जिला अस्पताल में नीरज के शव का पैनल पीएम करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि नीरज की मौत का कारण शरीर की हड्डियां व पसलियां टूटना है। मारपीट के कारण उसका पूरा शरीर नीला पड़ गया था। इसी वजह से उसकी मौत हो गई। नीरज के परिजनों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र के शराब दुकान के कर्मचारियों ने दोनों के साथ मारपीट की है। इसी बात से गुस्साए परिजनों ने शनिवार को शराब दुकान को आग के हवाले कर दिया और फिर क्षेत्र में चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने किसी तरह प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर मामले को शांत कराया और यातायात को बहाल कराया। पुलिस ने घायल और परिजनों के बयान के आधार पर 5 लोगों पर नामजद हत्या का मामला प्रकरण दर्ज किया है।
घायल सूरज ने बताया कि शनिवार देर रात 10-12 हमलावरों ने नीरज को बेहोश करने तक पीटा और शव को गढ़ाकोटा रोड पर फेंककर सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। मैं किसी तरह भाग निकला, जबकि नीरज मौके पर बेहोश हो गया। शनिवार सुबह शव सड़क किनारे मिला। नीरज ने मारपीट में अंशुल यादव, छोटू, भगवत पटेल, नीलेश अहिरवार समेत अन्य के शामिल होने के आरोप लगाए हैं। जिला अस्पताल में शनिवार को विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम से पैनल पोस्टमार्टम कराया गया, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई है। मृतक के सिर को छोड़कर पूरे शरीर पर नीले निशान थे, रीढ़ की हड्डी टूटी हुई थी। वहीं नीरज के साथी सूरज की हालत फिलहाल ठीक है और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मृतक के परिजनों और घायल के बयान के आधार पर पांच लोगों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम लगातार सर्चिंग कर रही है।
लोकेश सिन्हा, एएसपी सागर