# रायपुर

4 जून को होगा Pre D.El.Ed का एग्जाम! सुबह 9.30 बजे बंद हो जाएंगे गेट, Vyapam परीक्षा में सख्त नियम लागू

Pre DElEd Entrance Exam: छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा 4 जून को प्री डीएलएड प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। जीपीएम जिले में 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 3700 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों के गेट सुबह 9:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे।

2 min read
CG Vyapam Exam(photo-patrika)

CG Vyapam Exam: छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा 4 जून को प्री डीएलएड प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। जीपीएम जिले में परीक्षा के लिए 18 केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 3700 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी, जबकि परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को समय से पहले पहुंचने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल, स्मार्ट वॉच और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा के लिए फ्रिस्किंग, वीडियोग्राफी और पुलिस निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है।

CG Vyapam Exam: सुबह 9:30 बजे बंद होंगे परीक्षा केंद्र

व्यापम के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है ताकि अंतिम समय की परेशानी से बचा जा सके।

प्रवेश पत्र और पहचान पत्र अनिवार्य

परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए प्रवेश पत्र के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध

परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, इयरफोन, बैग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, धात्विक वस्तुएं और किसी भी प्रकार की नकल सामग्री लाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षार्थियों को केवल नीले या काले बॉल पेन की अनुमति होगी।

ड्रेस कोड और सुरक्षा व्यवस्था सख्त

व्यापम द्वारा परीक्षार्थियों के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को आधी बांह वाले सादे और हल्के रंग के कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी केंद्रों में हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर से फ्रिस्किंग, मैनुअल पैट-डाउन चेक और प्रवेश प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस कर्मियों और पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष पुलिस कर्मियों द्वारा की जाएगी।

निष्पक्ष परीक्षा के लिए विशेष निगरानी

परीक्षा के सुचारू और निष्पक्ष संचालन के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, उड़नदस्ता दल, नोडल अधिकारी, पुलिस नोडल अधिकारी और पर्यवेक्षक दल की नियुक्ति की गई है। ये सभी अधिकारी परीक्षा अवधि के दौरान लगातार निगरानी करेंगे।

इन परीक्षा केंद्रों में होगी परीक्षा

प्रवेश परीक्षा के लिए जिले में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें डॉ. भंवर सिंह पोर्ते शासकीय कॉलेज पेण्ड्रा, शासकीय पंडित माधवराव सप्रे कॉलेज पेण्ड्रारोड, मिश्री देवी कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल गौरेला, स्वामी आत्मानंद शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकेंडरी स्कूल पेण्ड्रा, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण केंद्र पेण्ड्रा सहित कई अन्य स्कूल और कॉलेज शामिल हैं। जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष परीक्षा संचालन में सहयोग देने की अपील की है।