# रायपुर

Monsoon 2026: मानसून की उल्टी गिनती शुरू, 13 जून तक जगदलपुर पहुंचने के आसार, IMD की नई भविष्यवाणी

Chhattisgarh Monsoon 2026: मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 13 जून के आसपास जगदलपुर के रास्ते प्रदेश में दस्तक दे सकता है। हालांकि उससे पहले लोगों को भीषण गर्मी और नवतपा का सामना करना पड़ेगा।

2 min read
13 जून के आसपास छत्तीसगढ़ पहुंचेगा मानसून ( फोटो सोर्स- iStock)

Monsoon 2026: छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई शहरों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने मानसून को लेकर राहत भरी जानकारी दी है।

Chhattisgarh Monsoon Update: 13 जून तक जगदलपुर पहुंचने के आसार

विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंचने के बाद धीरे-धीरे आगे बढ़ेगा और छत्तीसगढ़ में इसकी एंट्री 13 जून के आसपास होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार भी मानसून प्रदेश में जगदलपुर के रास्ते प्रवेश कर सकता है। इसके बाद दो से तीन दिनों के भीतर मानसून रायपुर पहुंचेगा, जबकि 20 जून तक पूरे प्रदेश में इसके सक्रिय होने के आसार हैं।

केरल में मानसून की एंट्री के बाद शुरू होगा काउंटडाउन

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, लक्षद्वीप क्षेत्र के ऊपर घने बादलों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है। इसके बाद छत्तीसगढ़ में मानसून के आगमन की प्रक्रिया तेज होगी। हालांकि इस दौरान मौसमीय परिस्थितियों और हवा के दबाव में बदलाव के कारण इसकी रफ्तार कुछ धीमी रह सकती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले वर्षों के अनुभव और वर्तमान मौसमी संकेतों को देखते हुए मानसून अपने तय समय के आसपास ही प्रदेश में दस्तक देगा। फिलहाल राज्य में गर्म और शुष्क हवाओं का असर लगातार बना हुआ है, जिससे तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है।

उत्तर-पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं ने बढ़ाई परेशानी

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में उत्तर-पश्चिम दिशा से लगातार गर्म और शुष्क हवाएं प्रवेश कर रही हैं। यही वजह है कि अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। इसके अलावा पश्चिमी बिहार और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं उत्तर प्रदेश के मध्य भाग से लेकर उत्तर तेलंगाना तक एक द्रोणिका भी बनी हुई है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर देखा जा रहा है।

नवतपा में और बढ़ेगी तपिश

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम है। 25 मई से शुरू होने वाले नवतपा के दौरान तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर बने रहने की संभावना जताई गई है। इसके बाद कहीं-कहीं बादल छाने और हल्की बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं।

राजधानी रायपुर का तापमान भी आने वाले दिनों में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है। दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दे रही है और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।

बिलासपुर सबसे गर्म, रायपुर में भी बढ़ी तपिश

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में दर्ज किया गया है, जहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं राजधानी रायपुर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और जगदलपुर में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को दिनभर उमस और तेज धूप का सामना करना पड़ रहा है।