# रायपुर

सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा मौका! AIIMS Raipur में 30 पदों पर निकली भर्ती, जल्द करें आवेदन

AIIMS Raipur Job Vacancy: एम्स रायपुर ने जूनियर रेजीडेंट (गैर-शैक्षणिक) के 30 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। MBBS पास उम्मीदवार 12 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 56,100 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।

2 min read
AIIMS Raipur Recruitment(photo-patrika)

AIIMS Raipur Recruitment: छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित All India Institute of Medical Sciences Raipur (एम्स) ने मेडिकल ग्रेजुएट्स के लिए जूनियर रेजीडेंट (गैर-शैक्षणिक) पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती भारत सरकार की रेजीडेंसी योजना के तहत छह महीने की अवधि के लिए की जा रही है। संस्थान ने कुल 30 रिक्त पदों के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। जारी विज्ञापन के अनुसार कुल 30 पदों में 12 पद अनारक्षित (यूआर), 3 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), 7 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), 5 पद अनुसूचित जाति (SC) और 3 पद अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित हैं।

AIIMS Raipur Recruitment: आवेदन प्रक्रिया शुरू, 12 जून अंतिम तिथि

इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 3 जून से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 12 जून शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन ऑनलाइन माध्यम से गूगल फॉर्म के जरिए स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवारों को एम्स रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर उसे भरना होगा और निर्धारित गूगल फॉर्म के साथ संलग्न कर जमा करना होगा।

शैक्षणिक योग्यता क्या है?

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास एमबीबीएस की डिग्री होना अनिवार्य है। साथ ही इंटर्नशिप पूरी होना भी जरूरी है। उम्मीदवार की डिग्री राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को कार्यभार ग्रहण करने से पहले डीएमसी, एनएमसी या संबंधित राज्य चिकित्सा परिषद का वैध पंजीकरण प्रस्तुत करना होगा।

आयु सीमा और छूट

इन पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को केंद्र सरकार के नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।

ऐसे होगा चयन

इन पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता और मेरिट के आधार पर किया जाएगा। पहले योग्य अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी, जिसके बाद उन्हें इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू में सफल उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

मिलेगी 56 हजार रुपये से अधिक सैलरी

चयनित अभ्यर्थियों को जूनियर रेजीडेंट पद पर नियुक्ति मिलने के बाद 56,100 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र सरकार और संस्थान के नियमों के अनुसार महंगाई भत्ता, चिकित्सा सुविधाएं तथा अन्य निर्धारित लाभ भी प्रदान किए जाएंगे। प्रतिष्ठित संस्थान में कार्य करने का अनुभव मिलने से उम्मीदवारों को अपने पेशेवर कौशल को निखारने और मेडिकल क्षेत्र में बेहतर करियर बनाने का अवसर भी मिलेगा।

आवेदन शुल्क की जानकारी

सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,000 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं महिला अभ्यर्थियों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग और पूर्व सैनिक वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।

युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

एमबीबीएस पूरा कर चुके युवा डॉक्टरों के लिए एम्स रायपुर में कार्य करने का यह एक अच्छा अवसर माना जा रहा है। प्रतिष्ठित संस्थान में काम करने का अनुभव मिलने के साथ-साथ अभ्यर्थियों को बेहतर प्रशिक्षण और करियर ग्रोथ का मौका भी मिलेगा। इच्छुक उम्मीदवार अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।