Delhi Fire Incident: दिल्ली में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की जलकर मौत हो गई। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इधर रायपुर में भी लापरवाही के चलते हादसा का खतरा मंडरा रहा है।
Delhi Fire incident: दिल्ली में मालवीय नगर के फ्लरिश स्टे होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई। इसमें कई विदेशी नागरिक थे। हादसे में कुल 35 लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग की फायर एनओसी नहीं थी। राजधानी रायपुर में भी कई भवन बिना फायर एनओसी के हैं। ऐसे में स्कूलों, कॉलेजों, होटलों, बाजारों और व्यावसायिक भवनों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जनवरी 2026 से फायर एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) जारी करने की जिम्मेदारी थर्ड पार्टी एजेंसियों को दी गई है। इसके बाद फायर बिग्रेड के अधिकारी किसी भी संस्थान में सीधे कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं। इस प्रक्रिया के बाद अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंताएं सामने आने लगी हैं। पत्रिका ने अपनी पड़ताल में पाया कि नई व्यवस्था के तहत फायर विभाग के अधिकारियों की भूमिका सीमित हो गई है।
यदि किसी भवन या संस्थान में सुरक्षा संबंधी खामियां मिलती भी हैं तो फायर अधिकारी सीधे कार्रवाई करने के बजाय केवल अनुशंसा कर सकते हैं। इसके बाद थर्ड पार्टी ऑडिट करती है। राजधानी के कमर्शियल कॉम्पलेक्स की स्थिति यह है कि कहीं स्प्रिंकिलर सिस्टम तो लगे हैं, लेकिन उनमें पानी नहीं है, तो कहीं आग लगने की सूचना देने वाले अलार्म सिस्टम बंद पड़े हैं।
अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी और अनुपालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सिर्फ फायर बिग्रेड की नहीं बल्कि नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, ग्राम एवं नगर निवेश, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन सहित कई विभागों पर है। इसके बावजूद व्यावसायिक भवनों में सबसे अधिक अनियमितताएं सामने आ रही हैं। आरोप है कि कई मामलों में भवन संचालन की अनुमति देते समय फायर एनओसी और सुरक्षा मानकों की गंभीरता से जांच नहीं की जाती।
आग लगी तो सिस्टम ही गायब मिला
11 मार्च 2025 को राजधानी के मालवीय रोड स्थित निगम की पुरानी बिल्डिंग में अचानक आग लग गई। इससे बाजार में अफरा-तफरी का मौहाल हो गया। बिल्डिंग के चारों ओर दुकानों को इससे खतरा बढ़ गया था। मौके पर तत्काल कोई सिस्टम नजर नहीं आया। निगम बिल्डिंग में आग कैसे लगी यह भी रहस्य बना हुआ है।
केस-2
9 जून 2023 को राजधानी के मोतीबाग स्थित एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में पीएनबी के एटीएम के आग लग गई, जिससे लाखों रुपए नकदी जलने के बाद आग पर मुश्किल से काबू पाया गया। मौके पर काम्प्लेक्स में आग बुझाने के लिए जरूरी मापदंड गायब मिले। इससे 5-6 दुकानें खाक हो गई।
स्टेशन रोड, मालवीय रोड, सदर बाजार, गोलबाजार, एमजी रोड, मौदहापारा रोड, तात्यापारा रोड, जवाहर बाजारा, रविभवन, लालगंगा शॉपिंग मॉल आदि।
स्टार होटलों को यह रखना जरूरी
जिला अग्निशमन अधिकारी,पुष्पराज सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्यवाही की अनुशंसा की जाती है। जनवरी 2026 से थर्ड पार्टी ऑडिट किया जा रहा है। इसके लिए एजेंसियों को अधिकृत किया गया है।