# प्रतापगढ़

Rajasthan Crime: रात में घर में घुसा बदमाश, कमरे सो रही मां-बेटी पर धारदार हथियार से हमला, बच्ची की मौत

Pratapgarh Crime News: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले घर में सो रही मां-बेटी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस हमले में एक बच्ची की मौत हो गई। वहीं, महिला जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।

2 min read
अस्पताल में भर्ती घायल महिला। फोटो: पत्रिका

प्रतापगढ़। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले घर में सो रही मां-बेटी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस हमले में एक बच्ची की मौत हो गई। वहीं, महिला जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। गंभीर घायल महिला का प्रतापगढ़ के जिला अस्पताल में उपचार जारी है। मामला सीतामाता अभयारण्य क्षेत्र की पाल ग्राम पंचायत का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार भोपा खेड़ा पाल गांव में देर रात एक बदमाश घर के अंदर घुस गया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में मासूम बच्ची की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में महिला मानकी और उसकी दो बेटियां मौजूद थी। छोटी बेटी अपनी मां के साथ सो रही थी और बड़ी बेटी पास के कमरे में सो रही थी। तभी देर रात अज्ञात हमलावर घर में घुस आया। हमलवार ने महिला और उसकी बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मानकी गंभीर रूप से घायल हो गई।

लोगों के पहुंचने से पहले ही भाग छूटा हमलावर

महिला की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग जाग गए और मौके पर पहुंचे। लेकिन, तब तक हमलावर मौके से भाग छूटा। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे गंभीर हालत में प्रतापगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृत बच्ची के शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

राजसमंद गए हुए थे पति और बेटा

पूर्व सरपंच पति मिट्ठू लाल मीणा के अनुसार घर में कुल पांच सदस्य रहते हैं। महिला का पति केशुराम और बेटा रमेश 2 मई से काम के सिलसिले में राजसमंद गए हुए थे। घटना के समय घर पर केवल मानकी और दो बालिकाएं मौजूद थी। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में इस प्रकार की वारदात पहली बार सामने आई है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।

पु​लिस ने मौके से जुटाए साक्ष्य

देवगढ़ थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल, पुलिस आरोपी की तलाश जुटी हुई है। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि आखिर महिला और उसकी बेटी पर किसने और क्यों हमला किया था। थानाधिकारी का कहना है कि आरोपी की पहचान के प्रयास जारी है। जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।