पटना के एक होटल में पिता के सामने बेटी के साथ कथित अभद्रता के मामले पर प्रशांत किशोर ने सीएम सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए कहा कि यह “जंगलराज की वापसी की आहट” है। उन्होंने कहा कि जो सरकार गरीबों पर बुलडोजर चलवाती है, उसे इस मामले में भी कार्रवाई करते हुए उस होटल पर बुलडोजर चलाना चाहिए।
पटना के एक होटल में पिता के सामने बेटी के साथ हुई कथित अभद्रता के मामले पर प्रशांत किशोर ने सीएम सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए कहा कि जब प्रदेश के मुखिया का चरित्र ही दागदार रहेगा, तो ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। उन्होंने आगे कहा कि यह “जंगलराज की वापसी की आहट” है। प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूछा कि बुलडोजर सरकार उस होटल पर कब कार्रवाई करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जो सरकार गरीब और दलितों के घरों पर बुलडोजर चलवाती है, उसे यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि उस होटल पर कब कार्रवाई होगी। साथ ही उन्होंने बिहार की जनता पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जब लोग गलत हाथों में सत्ता सौंपते हैं, तो ऐसे ही हालात पैदा होते हैं।
होटल में पिता के सामने लड़की के साथ हुई बदसलूकी को गंभीर विषय बताते हुए उन्होंने कहा कि जब लोग गलत व्यक्तियों का चुनाव करेंगे और गलत लोगों को सत्ता की चाबी सौंपेंगे, तो ऐसी घटनाएं होना स्वाभाविक है।
उन्होंने नीट छात्रा रेप केस का जिक्र करते हुए कहा कि उस मामले का क्या हुआ? आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई, डॉक्टर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई और हॉस्टल मालिक को जमानत मिल गई। अब उस मामले पर कोई चर्चा तक नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि इस घटना पर भी कुछ दिनों की चर्चा के बाद मामला शांत पड़ जाएगा। उन्होंने इसे “जंगलराज की वापसी की आहट” बताया।
प्रशांत किशोर ने सीएम सम्राट चौधरी का नाम लिए बिना उन पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि जिसका चरित्र खुद ही दागदार हो, यदि वही राज्य के मुखिया के पद पर रहेगा, तो ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए केवल नेता ही नहीं, बल्कि जनता भी जिम्मेदार है। नेता आंदोलन से नहीं, बल्कि वोट से डरते हैं। इसलिए जब लोग गलत व्यक्तियों को चुनेंगे, तो परिणाम भी गलत ही होंगे।
बेगूसराय निवासी एक युवती के पिता अपनी बेटी की पॉलिटेक्निक परीक्षा दिलाने पटना आए थे। परीक्षा खत्म होने के बाद रात में वे रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित कालिकेट हिडेन विला होटल के कमरा नंबर 103 में रुके थे। पीड़िता के पिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह सो गए थे, जबकि उनकी बेटी जाग रही थी। कमरे का दरवाजा अंदर से लॉक नहीं था। आरोप है कि रात करीब 12:48 बजे नशे की हालत में होटल स्टाफ सत्येंद्र कुमार कमरे में घुस आया। पिता ने बताया कि बेटी की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि आरोपी उनकी बेटी का हाथ पकड़े हुए है। उन्होंने उससे पूछा, “क्या बात है, कौन हो तुम और कमरे में कैसे आ गए?” इस पर आरोपी ने कहा, “बेल बजा रहे थे, तो दरवाजा क्यों नहीं खोला?” इसके बाद वह लड़की के बारे में पूछताछ करने लगा।