# पटना

नीतीश कुमार अचानक पहुंचे डिप्टी सीएम आवास, विजय चौधरी से बोले- क्या हो रहा है, घर आकर सब बताइए

Nitish Kumar: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार गुरुवार को अपने पुराने तेवर में नजर आए। पहले वो डिप्टी सीएम विजय चौधरी के आवास पर पहुंचे। इसके तुरंत बाद जब वे औचक निरीक्षण के लिए जदयू दफ्तर पहुंचे, जहां जनसुनवाई से मंत्रियों के गायब होने पर वो नाराज हुए। 

2 min read
जदयू कार्यालय में नीतीश कुमार

Nitish Kumar: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार गुरुवार को एक्शन मोड में नजर आए। पहले वो उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के सरकारी आवास पर पहुंचे, जहां से निकलते वक्त उन्होंने उपमुख्यमंत्री को एक ऐसा निर्देश दिया, जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है और इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उपमुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद नीतीश कुमार जदयू कार्यालय पहुंच गए, जहां जन सुनवाई के लिए मंत्रियों को मौजूद होना चाहिए था, लेकिन वो उपस्थित नहीं थे। ये देख कर नीतीश कुमार नाराज हो गए।

नीतीश कुमार ने डिप्टी सीएम को दिया निर्देश

गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक अपने सबसे भरोसेमंद, जदयू के वरिष्ठ नेता और बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी के आवास पर पहुंच गए। नीतीश कुमार के वहां अचानक पहुंचने से सुरक्षाकर्मियों और पार्टी नेताओं के बीच हलचल मच गई। दोनों शीर्ष नेताओं के बीच बंद दरवाजों के पीछे काफी देर तक चर्चा हुई।

मुलाकात खत्म होने के बाद नीतीश कुमार डिप्टी सीएम के आवास से बाहर निकले और अपनी कार की ओर चलने लगे। गाड़ी के पास पहुंचकर उन्होंने अपने सुरक्षाकर्मियों को वहीं रुकने का इशारा किया। यह देखकर कि नीतीश कुमार रुक गए हैं, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी भी तेजी से उनके पास पहुंचे। दोनों नेता कार के पास खड़े हुए और थोड़ी देर तक और बातचीत करते रहे।

जैसे ही नीतीश कुमार कार में बैठने लगे उन्होंने विजय चौधरी की ओर देखा और कहा, 'आज शाम मेरे घर आइए और और एक-एक चीज बताइए कि क्या हो रहा है और क्या नहीं।' नीतीश कुमार का यह निर्देश सुनकर, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने भी विनम्रता से कहा, 'ठीक है, शाम में आता हूं।'

डिप्टी CM से मिलकर जदयू दफ्तर पहुंचे नीतीश कुमार

डिप्टी CM विजय चौधरी को शाम को एक पूरी रिपोर्ट के साथ अपने घर आने का निर्देश देने के बाद, नीतीश कुमार सीधे वहां से जदयू दफ्तर के लिए रवाना हो गए। जहां रोज जनसुनवाई होती है, जिसमें जदयू के तीन मंत्री आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की शिकायतों को सुनते हैं।

गुरुवार को मंत्री अशोक चौधरी, मदन सहनी और श्वेता गुप्ता को जन सुनवाई के लिए पार्टी दफ्तर में मौजूद रहना था। लेकिन, जब नीतीश कुमार अचानक जदयू दफ्तर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर वे हैरान रह गए। जन सुनवाई का तय समय हो चुका था और शिकायत करने वाले लोग इंतजार कर रहे थे, फिर भी तीनों मंत्रियों में से कोई भी दफ्तर में मौजूद नहीं था। मंत्रियों की इस लापरवाही को देखकर नीतीश कुमार नाराज हो गए।