# पटना

JEE Advanced 2026 Result: गयाजी के शुभम बने ऑल इंडिया टॉपर, 360 में 330 अंक

JEE Advanced 2026 के नतीजे जारी हो गए हैं। बिहार के गयाजी निवासी शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक-1 (AIR 1) प्राप्त की है। IIT दिल्ली जोन के छात्र शुभम इससे पहले JEE Main 2026 के दोनों सत्रों में भी 100 पर्सेंटाइल स्कोर कर चुके हैं।

2 min read
शुभम कुमार

JEE Advanced 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। गयाजी के शुभम कुमार ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-1 (AIR 1) हासिल कर पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने 360 में से 330 अंक हासिल किए हैं। शुभम IIT दिल्ली जोन के छात्र हैं। इससे पहले भी उन्होंने JEE Main 2026 के दोनों सत्रों में 100 पर्सेंटाइल स्कोर कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। बिहार के गया स्थित ब्रिटिश इंग्लिश स्कूल के पूर्व छात्र रहे शुभम ने अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। शुभम के पिता शिव कुमार का गया में ही हार्डवेयर का व्यवसाय है। जबकि मां कंचन देवी गृहिणी हैं। शुभम फिलहाल कोटा में रहकर अपनी तैयारी कर रहा है।

6-8 घंटे की पढ़ाई से AIR-1 तक का सफर

शुभम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान वह रोजाना करीब 6 से 8 घंटे सेल्फ-स्टडी करते थे। क्लास में पढ़ाए गए विषयों को वह उसी दिन दोबारा पढ़ते थे और समय-समय पर उनका नियमित रूप से रिवीजन भी करते रहते थे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का लगातार अभ्यास उनकी तैयारी का अहम हिस्सा था। साथ ही, जिन विषयों में वह खुद को कमजोर महसूस करते थे, उन पर विशेष ध्यान देते थे। शुभम ने कहा कि तैयारी के दौरान कभी-कभी दबाव जरूर महसूस होता था, लेकिन उन्हें अपनी मेहनत और क्षमता पर पूरा भरोसा था। यही आत्मविश्वास उनकी सफलता की सबसे बड़ी वजह बना। भविष्य की योजनाओं के बारे में बात करते हुए शुभम ने कहा कि वह IIT मुंबई के कंप्यूटर साइंस (CS) विभाग से बीटेक करना चाहते हैं।

कौन हैं शुभम?

जेईई एडवांस्ड 2026 में टॉप करने के बाद शुभम कुमार पूरे देश में चर्चा का विषय बने हुए हैं। शुभम एक मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं। उनके पिता गया में हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। शुभम ने अपनी शुरुआती शिक्षा गया में ही पूरी की। इसके बाद जेईई की तैयारी के लिए वह राजस्थान के कोटा चले गए, जहां उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन के साथ तैयारी की। उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने जेईई एडवांस्ड 2026 में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की। भविष्य की योजनाओं के बारे में शुभम ने बताया कि वह IIT बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस (CS) में बीटेक करना चाहते हैं।