# OTT

कौन हैं अरबपति सतीश सनपाल? क्या भारत में चल रहे हैं उन पर 9 क्रिमिनल केस? Netflix के शो से हुए फेमस

Satish Sanpal: नेटफ्लिक्स के नए शो 'देसी ब्लिंग' में नजर आए दुबई के मशहूर इंडियन बिजनेसमैन सतीश सनपाल की आलीशान लाइफस्टाइल देख हर कोई हैरान है। ऐसे में एक खबर आई है जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि सतीश सनपाल के खिलाफ क्राइम के 9 केस दर्ज हैं। आइये जानते हैं कैसे जबलपुर में किराने की दुकान चलाने वाला एक शख्स अरबपति बन गया...

2 min read
कौन है सतीश सनपाल?

Who Is Satish Sanpal: ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स (Netflix) पर हाल ही में रिलीज हुए रियलिटी शो 'देसी ब्लिंग' ने दुनिया भर के दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। लेकिन इस शो के बाद जो शख्स सबसे ज्यादा चर्चा और विवादों में आ गया है, वह हैं दुबई में रहने वाले भारतीय मूल के बिजनेसमैन सतीश सनपाल। शो में दिखाई गई उनकी बेहिसाब दौलत, लग्जरी कारें, महंगी प्रॉपर्टीज और आलीशान लाइफस्टाइल ने जहां लोगों को हैरान कर दिया था, वहीं अब उनकी जिंदगी का एक ऐसा डार्क चैप्टर भी सामने आया है जिसने सनसनी मचा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस चमचमाते अरबपति बिजनेसमैन पर भारत में कम से कम 9 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जो कथित तौर पर बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी, हवाला कारोबार और फाइनेंशियल फ्रॉड से जुड़े हैं।

कौन हैं सतीश सनपाल? (Who Is Satish Sanpal)

सतीश सनपाल मूल रूप से मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले हैं। उनकी अर्श से फर्श तक पहुंचने की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, सतीश ने अपने करियर की शुरुआत जबलपुर में एक छोटी सी किराने की दुकान खोलकर की थी। जब यह बिजनेस नहीं चला, तो उन्होंने कमीशन के आधार पर शेयर बाजार यानी स्टॉक मार्केट में ब्रोकरेज का काम शुरू कर दिया, जहां वह निवेशकों को बड़े नेटवर्क्स से जोड़ते थे। इसके बाद वह रियल एस्टेट के धंधे में उतरे और फिर कम उम्र में ही दुबई शिफ्ट हो गए।

आज सतीश सनपाल दुबई के एक बड़े बिजनेस ग्रुप 'ANAX Holding' के फाउंडर और चेयरमैन हैं। यह ग्रुप लग्जरी रियल एस्टेट, हॉस्पिटैलिटी और नाइटलाइफ इन्वेस्टमेंट के क्षेत्र में अरबों का कारोबार करता है। सोशल मीडिया पर अक्सर उनकी हाई-प्रोफाइल पार्टियां और रईसी सुर्खियां बटोरती हैं।

सतीश सनपाल के खिलाफ है लुक-आउट नोटिस जारी? (Satish Sanpal Dubai businessman Netflix Desi Bling)

चमकदार जिंदगी के पीछे छिपे इस राज की बात करें तो कई चैनल औप जांच एजेंसियों की रिपोर्ट्स के मुताबिक, सतीश सनपाल का नाम अवैध सट्टेबाजी, मनी लॉन्ड्रिंग और शेल कंपनियों के एक बहुत बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि भारतीय जांच एजेंसियां कथित तौर पर करीब 1,000 करोड़ के एक विशाल हवाला और सट्टेबाजी सिंडिकेट की जांच कर रही हैं, जिसके तार सतीश और उनके करीबियों से जुड़े हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर इनकी कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं।

इन मामलों की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार ने उनके खिलाफ 'लुक-आउट सर्कुलर' (LOC) भी जारी किया हुआ है, ताकि भारत आते ही उन्हें हिरासत में लिया जा सके। एक भारतीय अधिकारी ने उनकी इस चालाकी पर टिप्पणी करते हुए कहा था, "सतीश ने अपनी छवि चमकाने की कला में महारत हासिल कर ली है। वह पीआर और मीडिया में अपने सफलता के चमकदार आर्टिकल्स इस तरह छपवाते हैं कि उनका आपराधिक बैकग्राउंड हैशटैग के नीचे छिप जाता है।" हालांकि, इन मामलों में सतीश सनपाल के खिलाफ किसी भी सजा की कोई सार्वजनिक पुष्टि नहीं हुई है। कई रिपोर्टों में साफ कहा गया है कि आरोपों की जांच और न्यायिक छानबीन जारी है।