# OTT

‘पति सेवा, मैं हर सुबह उनके पैरों की मालिश करती हूं’ तबिंदा सनपाल की बात पर तेजस्वी प्रकाश का रिएक्शन वायरल

Tejasswi Prakash Reaction To Desi Bling: नेटफ्लिक्स की नई रियलिटी सीरीज 'देसी ब्लिंग' सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है, लेकिन ये चर्चा लग्जरी लाइफस्टाइल या ग्लैमर के कारण नहीं बल्कि एक विवादित रिश्ते को लेकर हो रही है। इस सीरीज में दिखाए गए कुछ कंटेंट ने दर्शकों के बीच बहस छेड़ दी है।

2 min read
तेजस्वी प्रकाश(फोटो सोर्स: x के @TejasswikiOFC अकाउंट द्वारा)

Tejasswi Prakash Reaction To Desi Bling: नेटफ्लिक्स की नई रियलिटी सीरीज 'देसी ब्लिंग' लग्जरी लाइफस्टाइल और चमक-दमक के लिए नहीं बल्कि एक विवादित रिश्ते की वजह से सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही है। बता दें, दुबई की अमीर भारतीय एक्सपैट कम्युनिटी पर बनी इस 7 एपिसोड की सीरीज ने जेंडर रोल, शादी के रिश्ते और पुरुष प्रधान सोच को ग्लैमराइज करने पर एक बड़ी बहस छेड़ दी है।

इससे घर में लक्ष्मी और खुशहाली आती है

इस शो के सबसे वायरल पलों में से एक में दुबई की अरबपति पत्नी तबिंदा सनपाल बताती हैं कि वो हर सुबह अपने पति सतीश सनपाल के पैरों मसाज करती हैं। उनका कहना है कि एक हिंदू पत्नी के रूप में इससे घर में लक्ष्मी और खुशहाली आती है। इसके साथ ही, एक और सीन में तबिंदा सतीश के नाखून काटते हुए दिखती हैं और इसे "प्यार और देखभाल की निशानी" बताती हैं और उन्होंने यही सुझाव एक्ट्रेस तेजस्वी प्रकाश को दिया तो उन्होंने साफ मना कर दिया, "मैं ऐसा नहीं कर रही हूं।"

2026 में पति सेवा?

इन सीन पर यूजर्स की तीखी प्रतिक्रिया आई। एक वायरल कमेंट में लिखा गया, "2026 में पति सेवा? पैसे से क्लास नहीं खरीदी जा सकती।" यूजर्स ने इसे "पुराने पुरुष प्रधान आदर्शों को बढ़ावा देना" बताया है। बता दें, ये विवाद यहीं नहीं रुका, एक सीन में सतीश खुले तौर पर कहते है कि उसे महिलाओं का ध्यान पाना पसंद है और वो अच्छे कपड़े पहनते है क्योंकि "लड़की देखती है न, अच्छा लगता है।" तबिंदा ने इसका बचाव करते हुए कहा कि उन्हें भरोसा है लेकिन बार-बार एक ही महिला के साथ मेलजोल से उन्हें आपत्ति है।

इतना ही नहीं, शो में तबिंदा के पास लगभग 40 किलोग्राम सोना होने का खुलासा हुआ और सतीश हर धनतेरस पर उन्हें 3 किलो सोना गिफ्ट करते हैं। इस पर कुछ यूजर्स ने "गोल्ड डिगर" जैसे शब्दों का यूज किया। हालांकि सतीश का कहना है कि तबिंदा ने पैसे के लिए नहीं बल्कि प्यार से शादी की। बता दें, तेजस्वी प्रकाश और करण कुंद्रा भी इस शो में नजर आते हैं जो दुबई में शिफ्ट होने और वहां के एलीट सर्कल में घुलने-मिलने पर विचार करते दिखते हैं। 'देसी ब्लिंग' ने एक बड़ा सवाल उठाया है क्या लग्जरी और मॉडर्न कल्चर की आड़ में पुरानी सोच को ग्लैमराइज करना ठीक है? इस पर दर्शकों का जवाब है था बिल्कुल नहीं।