# नोएडा

नोएडा के अपार्टमेंट में 12वें फ्लोर पर लगी भीषण आग, फ्लैट छोड़-छोड़कर भागे लोग

Noida fire incident : नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी कंट्री सोसाइटी की एक हाईराइज बिल्डिंग के 12वें फ्लोर पर शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। एहतियात के तौर पर पूरी 28 मंजिला बिल्डिंग को खाली करा लिया गया है।

2 min read
नोएडा की सोसायटी में लगी भीषण आग, PC- Video Grab

नोएडा। नोएडा में शुक्रवार सुबह करीब 7:20 बजे नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी कंट्री सोसाइटी में एक हाईराइज रिहायशी बिल्डिंग के 12वें फ्लोर पर भीषण आग लग गई। 28 मंजिला इस बिल्डिंग में आग लगते ही देखते-ही-देखते पूरे फ्लैट में लपटें फैल गईं और खिड़कियों से ऊंची-ऊंची आग की लौ बाहर निकलने लगी। आसमान में घना काला धुआं छा गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग पर काबू पाने का किया जा रहा प्रयास

  • आग पर काबू पाने के प्रयास जारी : फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हाइड्रोलिक क्रेन और लैडर की मदद से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचकर बुझाने की कोशिश की जा रही है। सोसाइटी के आंतरिक फायर एक्सटिंग्विशर का भी इस्तेमाल हो रहा है।
  • पानी का प्रेशर अपर्याप्त : लोगों ने बताया कि फायर ब्रिगेड की होज पाइप से पानी 6-7वीं मंजिल के ऊपर तक ठीक से नहीं पहुंच पा रहा था, जिससे शुरुआती मुश्किल हुई।
  • पूरी बिल्डिंग खाली : एहतियात के तौर पर पूरी बिल्डिंग को खाली करा लिया गया है। आसपास की अन्य बिल्डिंग्स के निवासियों को भी सुरक्षित जगह शिफ्ट किया गया।
  • कोई हताहत नहीं : अभी तक किसी के घायल या हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। सभी लोग सुरक्षित निकल आए।

भड़के लोग, बोले- "ये तो यूजलेस सिस्टम है"

नोएडा सेक्टर-75 की आईवी कंट्री सोसाइटी में 12वीं मंजिल पर लगी आग को बुझाने में फायर ब्रिगेड की टीम की नाकामी पर स्थानीय लोगों ने तेज नाराजगी जताई। जब फायर ब्रिगेड की पाइप से पानी की फुहारें 12वीं मंजिल तक नहीं पहुंच पाईं, तब लोगों ने गुस्से में कहा, “ये फायर ब्रिगेड क्या है, होली के फव्वारे तो ज्यादा बेहतर हैं। 6-7 फ्लोर के ऊपर पानी पहुंच ही नहीं रहा। ये बस नीचे वाले घरों में पानी डाल रहे हैं। हमारा इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह यूजलेस है।”

आग लगने का कारण

सोसाइटी के टावर-A के एक फ्लैट में एयर कूलर में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी। आग सबसे पहले बालकनी से शुरू हुई और तेजी से पूरे फ्लैट में फैल गई। आग की भयंकर तीव्रता के कारण फ्लैट का सारा सामान जलकर राख हो गया।

सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने बताया कि सुबह अचानक धुआं और लपटें देखकर वे सीढ़ियों से भागकर नीचे उतरे। कई लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किए, जिसमें लपटें और धुआं साफ दिख रहा है।

फायर विभाग और पुलिस की टीमें लगातार मौके पर हैं। आग को पूरी तरह काबू करने और आगे फैलने से रोकने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।