Delhi hotel fire owner arrest: मालवीय नगर होटल अग्निकांड मामले में एक और नया खुलासा हुआ है बताया जा रहा है कि होटल मालिक पहले भी जेल जा चुका है। इसके साथ ही पुलिस ने अब तक लवकेश के 5 होटल पर ताले लगवा दिए हैं।
Malviya Nagar hotel Case Update: देश की राजधानी दिल्ली में मालवीय नगर के होटल अग्निकांड में हो रही जांच-पड़ताल में नए-नए खुलासे होते जा रहे हैं। अब तक होटल मालिक लवकेश की पांच होटलों को बंद करवा दिया गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा एमसीडी भी हौज रानी में नियमों का उल्लंघन कर चलाए जा रहे 12 होटलों के लाइसेंस को रद्द करेगा। हादसे के बाद से होटल मैनेजर जय मिश्रा फरार है जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। पुलिस जांच के बाद जो चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि लवकेश पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पिछले साल दिल्ली पुलिस ने एक फर्जी पासपोर्ट मामले में गिरफ्तार किया था।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली हौजरानी इलाके की होटल का संचालन और देखभाल का काम जय मिश्रा नाम का मैनेजर करता था। जय मिश्रा दिल्ली के छतरपुर का रहने वाला है। होटल का लाइसेंसे भी उसी का नाम पर बनवाया गया था। 3 जून को होटल में लगी भीषण आग के बाद से मैनेजर जय मिश्रा फरार है। वहीं, मैनेजर राकेश समेत होटल के बाकि स्टाफ के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। घटनास्थल से पुलिस ने चार भरे हुए सिलेंडर भी बरामद किए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी लवकेश मालवीय नगर का रहने वाला है। कुछ समय तक हौजकाजी में हार्डवेयर की दुकान चलाने के बाद उसने दुकान के ऊपर ही कमरे बना दिए और किराए पर देना शुरू कर दिया। इसके बाद ही लवकेश ने अपना पहला होटल खोला। अब दिल्ली में उसके तीन होटल चल रहे हैं और दो का काम चल रहा है। फिलहाल इन सभी होटलों को बंद करवा दिया गया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने में किनकी भूमिका रही है।
मालवीय नगर के होटल में लगी आग के मामले में दिल्ली की एक अदालत ने गुरुवार को होटल मालिक लवकेश बजाज को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज पर गैर इरादतन हत्या समेत कई आरोपों में केस दर्ज किया।
पुलिस के मुताबिक, होटल मालिक लवकेश पहले भी 15 दिन के लिए जेल जा चुका है। जनवरी 2025 में एक मामला दर्ज हुआ था और जब उसकी जांच हुई तो लवकेश बजाज का कथित तौर पर नाम सामने आया था। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। लवकेश करीब 15 दिन के लिए तिहाड़ जेल में रहा और बाद में जमानत मिल जाने पर रिहा कर दिया गया था। इसके अलावा फर्जी पासपोर्ट मामले की सुनवाई अभी भी अदालत में लंबित है।
लवकेश बजाज ने दिल्ली पुलिस को पूछताछ में बताया कि मेरे पास इतना समय नहीं है कि मैं होटल की देखभाल पर ध्यान दे सकू। इसलिए मैंने होटल का सब काम करने के लिए पूरा स्टाफ रखा हुआ है। वही सब संभालता है। इस दौरान, लवकेश बजाज ने कबूल किया है कि उसने होटल के कमरों की संख्या इसलिए बढ़ाई क्योंकि कमाई अच्छी हो रही थी और दिल्ली में सब चलता है।