गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में 11वीं क्लास के छात्र सूर्या प्रताप की बेरहमी से हुई हत्या मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच, वारदात को लेकर बेहद सनसनीखेज खुलासे हुए हैं।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्र सूर्या प्रताप की चाकू मारकर हत्या के बाद तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि असद और उसके साथियों ने सूर्या को पहले घर के पास बुलाया और फिर उस पर हमला किया। यह सब योजना बनाकर किया गया।
पुलिस के अनुसार, 28 मई की शाम खोड़ा क्षेत्र में सूर्या प्रताप पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि इलाज के दौरान 29 मई को दोपहर करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई।
वारदात के समय सूर्या के साथ उसके दो दोस्त आयुष और विक्की भी थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें इलाके के ही एक मुस्लिम युवक ने बकरीद के मौके पर अपने घर बुलाया था। जब वे वहां पहुंचे तो असद मिल गया। जिसके बाद असद ने सूर्या से पूछा, तुमने कभी बकरा हलाल होते देखा है? जिस पर सूर्या ने जवाब दिया, नहीं। फिर असद ने कहा कि मेरे साथ आओ दिखाते हैं। इस पर सूर्या ने मना कर दिया और वहां से जाने लगा। जिसके बाद असद ने उसे गालियां देना और अपशब्द कहना शुरू कर दिया। जब सूर्या ने असद का विरोध किया तो उसने चाकू निकालकर सूर्या के पेट में कई बार वार कर दिया और फरार हो गया।
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एफआईआर में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरहान, आसिफ और नवाब के रूप में हुई है। इनमें से आरोपी फरहान, आरोपी आसिफ का पिता है। पुलिस के मुताबिक, दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और मुख्य आरोपी असद के बीच करीब आठ महीने पहले विवाद हुआ था। तब उनके बीच मारपीट भी हुई थी। लेकिन फिर दोनों के बीच विवाद सुलझ गया था और बातचीत शुरू हो गई थी। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या उसी पुराने विवाद का संबंध इस हत्या से है या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। असद अभी फरार बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इस मामले को लेकर हिंदू रक्षा दल के स्थानीय पदाधिकारियों ने भी प्रतिक्रिया दी है। संगठन के खोड़ा कॉलोनी अध्यक्ष सोनू शर्मा ने दावा किया कि मृतक संगठन से जुड़ा हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया।
सोनू शर्मा ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "जिस युवक की आज मौत हुई है, वह हिंदू रक्षा दल का सदस्य भी था। उसके दोस्तों ने उसे बाहर बुलाया था। करीब 6-7 महीने पहले उसकी असद नाम के युवक से कहासुनी और झगड़ा हुआ था। तब से असद ने उसे मारने की ठान रखी थी। इसी वजह से वह अपने घर से चाकू लेकर आया था। उसके हाथ में बड़ा चाकू था। उसने किशोर पर 6-7 बार वार किए, जिससे उसकी अंतड़ियां बाहर आ गईं। आरोपी ने कथित तौर पर कहा था कि मैंने बकरे को नहीं काटा, इसलिए तुम्हें काटूंगा।“
हालांकि इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
छात्र की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। खोड़ा थाना क्षेत्र और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है।
जांच एजेंसियां घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस का कहना है कि सभी तकनीकी और प्रत्यक्ष साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
फिलहाल गाजियाबाद का खोड़ा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील नजर आ रहा है और पूरे मामले पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है।