# नई दिल्ली

Delhi Traffic Alert: दिल्ली वाले ध्यान दें! कल सुबह 10 बजे से बंद रहेंगे ये रास्ते, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले घर से जल्दी निकलें

Delhi Traffic Alert: दिल्ली वाले ध्यान दें! कल सुबह 10 बजे से बंद रहेंगे ये रास्ते, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले घर से जल्दी निकलें

2 min read
photo ani

Delhi Traffic Police Alert: अगर आप देश की राजधानी दिल्ली में रहते हैं या कल यानी 22 मई 2026 को दिल्ली के रास्तों से गुजरने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक नया ट्रैफिक अलर्ट जारी किया है। 22 मई को राजघाट स्थित महात्मा गांधी स्मृति स्थल पर एक बड़े सरकारी कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। इस वीआईपी मूवमेंट के चलते सुबह के समय कुछ खास रास्तों पर भारी जाम लग सकता है, इसलिए पुलिस ने लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

सुबह 10:00 बजे से संभलकर निकलें, लग सकता है जाम

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार 22 मई को सुबह 10:00 बजे से लेकर सुबह 11:30 बजे तक राजघाट और उसके आस-पास के इलाकों में गाड़ियों की रफ्तार थम सकती है। लगभग डेढ़ घंटे तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे देरी से बचने के लिए पहले से ही अपनी यात्रा की योजना बना लें और जाम वाले रास्तों पर जाने से बचें।

एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री रखें खास ध्यान

ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए विशेष रूप से उन यात्रियों को सचेत किया है जिन्हें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन या इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाना है। चूंकि उड़ानों और ट्रेनों का समय निश्चित होता है, इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे जाम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपने घर से काफी समय पहले निकलें, ताकि उनकी ट्रेन या फ्लाइट न छूटे।

पार्किंग और डायवर्जन को लेकर सख्त निर्देश

वीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए पुलिस ने सख्त नियम लागू किए हैं। वाहन चालकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी करने के बजाय केवल तय की गई पार्किंग में ही खड़ी करें। सड़कों पर अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और क्रेन से गाड़ियां उठाई जा सकती हैं।