TMC leader Kalyan Banerjee attacked: पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा का नया दौर शुरू हो गया है। पहले टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी पर हमला हुआ और कल्याण बनर्जी पर हमला हुआ है। कल्याण ने कहा कि मेरी हत्या की कोशिश की गई। पढ़ें पूरी खबर...
TMC leader attacked: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के बाद कल्याण बनर्जी पर जानलेवा हमला हुआ है। हमले के बाद उनके सिर से खून बहने लगा। सफेद गमछे से खून को रोकते हुए उन्होंने मीडिया में बयान दिया। कल्याण बनर्जी ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। उन्होंने शुभेन्दु अधिकारी पर निशाना साधते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री पद पर एक ईर्ष्यालु व्यक्ति बैठा है। बीजेपी तानाशाही रवैये के जरिए अपने विरोध में खड़े सभी TMC नेताओं को खत्म कर देना चाहती हैं।
उन्होंने बताया कि चांदिताला पुलिस स्टेशन के इंचार्ज अधिकारी से मिलने और उन्हें ज्ञापन देने के लिए जब मैं कार से आ रहा था, तो चांदिताला बाजार में जबरदस्त ट्रैफिक जाम था। उस समय, मैं अपने PSO के साथ चांदिताला क्रॉसिंग पर पैदल चल रहा था, जो चांदिताला पुलिस स्टेशन से 50 किलोमीटर दूर है। वहां भगवा कपड़े पहने 10-15 BJP के गुंडे थे, जिन्होंने अचानक नारे लगाने शुरू कर दिए और माहौल में तनाव पैदा कर दिया। वे मुझे गालियां दे रहे थे, लेकिन मैं आगे बढ़ रहा था, तभी मेरे सिर पर एक पत्थर फेंका गया। अब दो घंटे बीत चुके हैं, और मेरे कपड़ों पर खून लगा हुआ है। मैं सड़क पर गिर गया था, और एक CRPF जवान ने आकर मुझे बचाया, जिसके लिए मैं उनका आभारी हूं। हालांकि, बंगाल पुलिस पूरी तरह से चुप रही, मूक दर्शक बनी रही, और यह सब होने दिया।
TMC सांसद कल्याण बनर्जी पर हुए कथित हमले पर TMC सासंद सौगत रॉय ने कहा कि भाजपा नेता भड़काऊ बयान देते हैं। कल अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में पीड़ितों के परिवारों से मिलते समय गंभीर हमला हुआ। आज सुबह हमारे सांसद कल्याण बनर्जी पर चंडीतला में हमला हुआ, जिससे उनके सिर में चोट आई। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। हम गवर्नर के पास और हाई कोर्ट जाएंगे। भाजपा के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी।
झारखंड के मुख्यमंत्री और झामुमो सुप्रीमो हेमंत सोरेन ने टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर हुए हमले की निंदा की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन हिंसा और हमले के लिए कोई स्थान नहीं है। राजनीतिक विरोध का जवाब तर्क और जनमत से दिया जाना चाहिए, न कि डर और बल प्रयोग से। मैं इस घटना की कड़ी निंदा करता हूँ तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करता हूं। लोकतंत्र को हिंसा नहीं, संवाद और सम्मान मजबूत बनाते हैं।
TMC नेता कीर्ति आजाद ने TMC सांसद अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी पर हुए हमलों पर कहा कि बंगाल में कोई भी सुरक्षित नहीं है। खेद इस बात का है कि बताया जा रहा है कि ये हमला जनता ने किया है। बिना भाजपा के समर्थन के ये मामला खड़ा नहीं हो सकता है। हम सामने देख सकते हैं कि पुलिस कुछ नहीं कर रही थी। भाजपा के लोगों के द्वारा ही ये घटना प्रायोजित है। हजारों-हजार तृणमूल के कार्यकर्ता या आम लोग जो पार्टी समर्थक हैं उनके घर तोड़ दिए गए, उनके कार्यालय तोड़ दिए गए।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने TMC सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले पर कहा कि किसी भी पार्टी के किसी भी नेता को लोकतंत्र में राजनीति करने का अधिकार है। आलोचना करना, विरोध करना, आम लोगों से मिलना, अपनी बात रखना, सलाह देना आदि लोकतंत्र का अभिन्न अंग है। जिस सांसद की बात की जा रही है उनके साथ उन्हीं के संसदीय क्षेत्र में ऐसी घटना घटी। ताज्जुब की बात है कि जिस क्षेत्र में संसद कई लाख मतों से जीतते हैं। वहां पर अपने नेता को बचाने के लिए एक भी पार्टी कार्यकर्ता नहीं पहुंचा। वहीं पुलिस को पहले से सूचना देकर जब सांसद कहीं जाते हैं तो उनकी सुरक्षा करना प्रशासन का फर्ज बनता है। हमने देखा कि वहां न कोई पुलिस थी और न ही कोई सुरक्षा बल, मेरी मांग है कि दशकों से बंगाल में चलती आ रही राजनीति हिंसा बंद होनी चाहिए।