# राष्ट्रीय

कॉकरोच जनता पार्टी पर 3 दिन में 3 बड़े अटैक, इंस्टाग्राम हैक होने के बाद अब वेबसाइट भी गायब

cockroach party website down: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिए गए, बैकअप अकाउंट भी हटा दिया गया। अब वेबसाइट भी बंद कर दिया गया है।

2 min read
Cockroach janta party(फोटो सोर्स: x के @C_J_P_India2029 अकाउंट द्वारा)

भारत की राजनीति पर व्यंग्य करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) पर लगातार हमले हो रहे हैं। पहले पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिए गए और उनका बैकअप अकाउंट भी प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। अब उनकी आधिकारिक वेबसाइट भी शुक्रवार को बंद कर दी गई।

इससे पहले 21 मई को उनका ट्विटर हैंडल भारत में रोक दिया गया था। इस पर संस्थापक अभिजीत दीपके का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं में बढ़ती नाराजगी को सरकार चुप कराने की कोशिश कर रही है।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

15 मई को जब देश के मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत ने बेरोजगार युवाओं को 'परजीवी' और 'कॉकरोच' कह दिया, इसके बाद से ही देश में नया विवाद छिड़ गया। हालांकि, बाद में सीजेआई ने इस पर सफाई भी दी।

उन्होंने कहा कि उनके शब्द गलत तरीके से पेश किए गए और ये टिप्पणी फर्जी डिग्री लेकर वकालत में आने वालों के लिए थी। लेकिन इस बयान ने पूरे देश में तहलका मचा दिया।

अगले ही दिन कॉकरोच जनता पार्टी नाम का यह व्यंग्यात्मक पेज शुरू हुआ। इसमें युवाओं की बेरोजगारी, पेपर लीक और सिस्टम की खामियों पर तीखा व्यंग्य किया गया।

अभिजीत दीपके का आरोप

अभिजीत दीपके ने एक इंटरव्यू में बताया कि इस प्रकरण के बाद उनका ट्विटर अकाउंट भारत में रोक दिया गया। अब इंस्टाग्राम भी हैक हो गया है। उन्होंने साफ कहा कि हैक होने के बाद जो भी पोस्ट आएं, उन्हें सीजेपी का आधिकारिक बयान न माना जाए।

दीपके ने शिक्षा मंत्री से इस्तीफा मांगा था क्योंकि पेपर लीक की घटनाओं पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा- नए भारत में जवाबदेही मांगने वाले पर कार्रवाई हो रही है, न कि गलती करने वालों पर।

तेजी से बढ़ रहे फॉलोअर्स

सीजेपी ने बहुत तेजी से लोकप्रियता हासिल की। इंस्टाग्राम पर उनके अकाउंट को 2 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स मिल गए, जो भाजपा के अकाउंट (8.8 मिलियन) से भी ज्यादा है।

राजनीतिज्ञों, कलाकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम युवाओं ने खूब सपोर्ट किया। जब ट्विटर अकाउंट रोका गया तो उन्होंने तुरंत नया हैंडल 'Cockroach is Back' शुरू किया और टैगलाइन दी- 'कॉकरोच नहीं मरते।'

क्या है ये सिलसिला?

पहले ट्विटर, फिर वेबसाइट और अब इंस्टाग्राम। तीन दिन में प्लेटफॉर्म पर तीन बड़े हमले हुए। युवा वर्ग में ये चर्चा तेज है कि असहमति को कुचला जा रहा है। सीजेपी जैसे छोटे व्यंग्य पेज को भी इतनी तेजी से टारगेट करना कई लोगों को हैरान कर रहा है।