# राष्ट्रीय

‘ईश्वर वरदान या श्राप नहीं देता, वे केवल अवसर देते हैं’, CM बनने से पहले शिवकुमार का बड़ा बयान

डीके शिवकुमार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा, 'ईश्वर न तो वरदान देते हैं और न ही अभिशाप, वे केवल अवसर प्रदान करते हैं। असल बात तो यह है कि हम उन अवसरों का किस प्रकार उपयोग करते हैं।'

2 min read
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार (Photo-IANS)

Karnataka Politics: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अब अटकले लगाई जा रही है कि डीके शिवकुमार को प्रदेश की कमान सौंपी जा सकती है। इसी बीच शिवकुमार ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें निवर्तमान मुख्यमंत्री का सफर दृढ़ता, लगन और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता से भरा याद है।

सिद्धारमैया की जमकर तारीफ की

X पर एक पोस्ट में शिवकुमार ने निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की राजनीतिक यात्रा और नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि भगवान वरदान या श्राप नहीं देते। वे केवल अवसर देते हैं। असल में मायने यह रखता है कि हम उन अवसरों का कैसे उपयोग करते हैं।

सोशल मीडिया पर शेयर किया पोस्ट

शिवकुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'ईश्वर वरदान या श्राप नहीं देता। वह केवल अवसर देता है। वास्तव में मायने यह रखता है कि हम उन अवसरों का कैसे उपयोग करते हैं। सिद्धारमैया का जीवन इस विचार का सबसे उत्तम उदाहरण है। मैसूरु के एक साधारण से गांव से लेकर कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में नेतृत्व करने तक, उनकी यात्रा दृढ़ता, लगन और सामाजिक न्याय के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री के रूप में सिद्धारमैया के कार्यकाल के लिए आभार व्यक्त करते हुए शिवकुमार ने कहा कि उनके नेतृत्व में शुरू की गई कल्याणकारी योजनाएं और विकासात्मक पहल कर्नाटक के विकास गाथा में महत्वपूर्ण बनी रहेंगी।

सेवा और नेतृत्व के प्रति जताया आभार

शिवकुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पद से उनके विदा होने पर मैं कर्नाटक की जनता के लिए उनकी सालों की सेवा और नेतृत्व के प्रति हार्दिक आभार और गहरा सम्मान व्यक्त करता हूं। उनके कार्यकाल के दौरान शुरू की गई कई जन कल्याणकारी योजनाओं और विकास पहलों का प्रभाव कर्नाटक के विकास वृत्तांत में महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में बना रहेगा। सार्वजनिक जीवन में लगभग पांच दशकों के दौरान, उन्होंने जन-केंद्रित शासन और समावेशी नेतृत्व के माध्यम से हमारे राज्य के राजनीतिक और सामाजिक ताने-बाने को आकार दिया है।

सिद्धारमैया के साथ उपमुख्यमंत्री के रूप में काम करना सौभाग्य

शिवकुमार ने आगे कहा कि 2020 में जब उन्हें कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार सौंपा गया था, तब से सिद्धारमैया ने उनका समर्थन किया है। सिद्धारमैया के साथ उपमुख्यमंत्री के रूप में काम करने को सौभाग्य बताते हुए शिवकुमार ने कहा कि उन्होंने इस अनुभवी नेता के अनुभव और राजनीतिक दूरदर्शिता से लगातार सीखा है।