# राष्ट्रीय

महाराष्ट्र मंत्री नितेश राणे ने राहुल गांधी को बताया पाकिस्तानी एजेंट, कहा- पाक को खुश करने की कर रहे कोशिश

Nitesh Rane on Rahul Gandhi: राहुल गांधी के एनडीए सरकार को लेकर दिए गए बयान पर महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने तीखा पलटवार किया। राणे ने राहुल गांधी को पाकिस्तानी एजेंट बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। जानें पूरा विवाद...

2 min read
महाराष्ट्र मंत्री नितेश राणे का कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला (Photo-IANS/PTI)

Rahul Gandhi Pakistan Agent Remark: महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने राहुल गांधी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इस तरह की बयानबाजी को गैर जिम्मेदाराना बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। नितेश राणे ने अपने बयान में राहुल गांधी को पाकिस्तानी एजेंट कह डाला है। उनके इस बयान से राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है। आपको बता दें कि हाल ही में राहुल गांधी ने देश की अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए एनडीए सरकार के अस्तित्व को लेकर बयान दिया था। इसके बाद से राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है।

नितेश राणे ने क्या कहा?

राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने उन पर जमकर निशाना साधा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राणे ने कहा कि राहुल गांधी पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। उनका आरोप था कि पाकिस्तान की तरफ से जो बातें कही जाती हैं, राहुल गांधी भी वही बातें दोहराते हैं। राणे ने कहा कि राहुल गांधी हर हाल में पाकिस्तान को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं। आगे उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वहां से जो स्क्रिप्ट आती है, राहुल गांधी यहां आकर वही पढ़ते हैं। राणे ने यह भी कहा कि पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को खुश करने के लिए राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बयान देते हैं।

राहुल गांधी ने क्या कहा था?

यह पूरा विवाद राहुल गांधी के उस बयान के बाद शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने एनडीए सरकार के भविष्य पर सवाल उठाए थे। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की एक बैठक में राहुल गांधी ने कहा था कि देश की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है और इसका असर सरकार पर भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया था कि मौजूदा एनडीए सरकार अगले साल तक नहीं टिक पाएगी।

महंगाई को लेकर भी किया था हमला

वहीं राहुल गांधी ने महंगाई और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को महंगाई मैन मोदी कहा।

राहुल ने आरोप लगाया था कि चुनाव के दौरान पेट्रोल-डीजल के दाम काबू में रखे गए, लेकिन जैसे ही चुनाव खत्म हुए कीमतें बढ़ा दी गईं। आगे उन्होंने लिखा, 'और यह बढ़ोतरी लगातार जारी रहेगी। महंगाई मैन मोदी का एक ही काम है-चुनाव के समय वादे करना और बाकी समय जनता की जेब पर हमला करना।'