# राष्ट्रीय

मानसून की रफ्तार तेज: IMD का भारी बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ तूफान की आशंका

Monsoon 2026: IMD ने देश में कई जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में मूसलाधार बारिश की संभावना है, जबकि मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है।

2 min read
मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट किया जारी (Photo-IANS)

Monsoon 2026: देश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली हैं। भीषण गर्मी के बीच कई जगहों पर बारिश हो रही है और आंधी तूफान भी देखा गया। इसी बीच मौसम विभाग का नया अपडेट सामने आया है। IMD के मुताबिक, अगले एक सप्ताह के दौरान कई जगहों पर बारिश होगी। विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल बनी हुई हैं।

तेजी से बढ़ रहा मानसून

वहीं मानसून को लेकर भी मौसम विभाग ने अपडेट जारी किया है। IMD के मुताबिक मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 3 से 4 दिनों में अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। बंगाल की खाड़ी, विदर्भ, बांग्लादेश और अरब सागर में बने कई चक्रवाती परिसंचरण बारिश को और तेज करेंगे।

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश

IMD के मुताबिक, पूर्वोत्तर राज्यों में पूरे सप्ताह हल्की से मध्यम और कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं 3 से 6 जून के बीच असम और मेघालय में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभवना है। 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है।

दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम? 

दक्षिण भारत के राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। केरल और माहे में 3 से 6 जून तक बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, लक्षद्वीप और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 

पूर्वी भारत में भी अलर्ट

मौसम विभाग ने ओडिशा में 1 जून को भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में सप्ताह के अंत में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। 

उत्तर भारत में बदलेगा मौसम

उत्तर-पश्चिम भारत में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बारिश और आंधी की संभावना जताई है। पश्चिम मध्य प्रदेश और गुजरात में भी कहीं-कहीं भारी बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान जताया है। 

कैसा रहेगा दिल्ली-NCR का मौसम

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में 1 से 3 जून के तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इसके साथ ही 37 डिग्री से लेकर 41 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रह सकता है। हालांकि IMD ने यह भी बताया है कि सप्ताह के अंत तक तापमान बढ़ सकता है।