मोहाली में एक युवती की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके एक्स बॉयफ्रेंड पर लगा है। आरोपी ने घटना को अंजाम देने के बाद सुसाइड की कोशिश की। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। पढ़ें पूरी खबर...
मोहाली में खौफनाक हत्याकांड सामने आया है। यहां एक दफ्तर में युवती की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान पटियाला निवासी डिंपल के रूप में हुई है। वहीं आरोपी हरविंदर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
दरअसल, पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। डिंपल और हरविंदर एक ही कंपनी में काम करते थे। इस दौरान दोनों दोस्त बने और फिर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी, लेकिन कुछ समय पहले डिंपल और हरविंदर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और मामला ब्रेकअप तक पहुंच गया।
ब्रेकअप के बाद हरविंदर काफी टूट गया था। वह मानसिक रूप से बीमार रहने लगा था। उसने डिंपल से दोबारा रिश्ता सुधारने की गुजारिश भी की, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद वह काफी परेशान रहने लगा था।
गुरुवार 4 जून को आरोपी हरविंदर ऑफिस पहुंचा। जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद आरोपी हरविंदर ने चाकू से डिंपल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इसे देखकर कंपनी में काम कर रहे अन्य लोग भी घबरा गए और दफ्तर में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। वहीं, डिंपल को गंभीर रूप से जख्मी करने के बाद आरोपी ने खुद की भी जान लेने की कोशिश की। वहीं, पूरा वाकया सीसीटीवी में कैद हो गया।
इधर, मामले की जानकारी मिलते ही मोहाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। डिंपल और हरिवंदर को लेकर अस्पताल गई। जहां इलाज के दौरान डिंपल की मौत हो गई, जबकि हरविंदर का उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने सबूत जुटाकर ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। एसएचओ अमन बैदवान के अनुसार, मृतका के परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।