# राष्ट्रीय

जयपुर में 24 घंटे इंटरनेट बंदः जेडीए की कार्रवाई से पहले मालवीय नगर में लोगों ने खुद हटाए अतिक्रमण

JDA Demolition Action: जयपुर में जेडीए की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले मालवीय नगर के नंदपुरी-गैटोर क्षेत्र में लोगों ने स्वयं निर्माण हटाने शुरू किए। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट और सोशल मीडिया सेवाएं बंद कर दी हैं।

2 min read
जयपुर के मालवीय नगर के नंदपुरी-गैटोर इलाके में 80 फीट रोड को चौड़ा करने की राह अब पूरी तरह साफ हो गई है। (Photo - Patrika)

JDA Encroachment Removal Drive: जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा 8 जून को प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती है। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति तथा अफवाहों के प्रसार को रोकने के उद्देश्य से जयपुर संभाग के चुनिंदा क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट और सोशल मीडिया सेवाओं को 24 घंटे के लिए अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में संभागीय आयुक्त वे. सरवण कुमार ने आदेश जारी करते हुए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। ये सेवाएं 7 जून की मध्यरात्रि 12 बजे से 8 जून की मध्यरात्रि 12 बजे तक बंद रहेगी। वहीं जयपुर के मालवीय नगर के नंदपुरी-गैटोर इलाके में 80 फीट रोड को चौड़ा करने की राह अब पूरी तरह साफ हो गई है।

जेडीए और पुलिस प्रशासन की 15 दिनों से चल रही समझाइश का जमीन पर बड़ा और सकारात्मक असर देखने को मिला। सड़क की 80 फीट की सीमा में आ रहे मंदिर, मस्जिद, मजार, चबूतरे और सत्संग भवन जैसी धार्मिक संरचनाओं को संबंधित लोगों ने आपसी सहमति से खुद ही हटाना शुरू कर दिया है। रविवार को बड़ी संख्या में लोगों ने निर्माण हटाए।

जो निर्माण रह गए हैं, उनको हटाने की कार्रवाई जेडीए सोमवार सुबह छह बजे शुरू कर देगा। इससे पहले रविवार को क्षेत्र में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। इस कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से हो, इसके लिए जेडीए मुख्यालय में दिनभर बैठकों का दौर चला। इस हाईलेवल मीटिंग में जयपुर पुलिस कमिश्नर सहित पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

तीन पारियों में 24 घंटे तैनात रहेंगे अफसर

  • जेडीए ने इस पूरी कार्रवाई को व्यवस्थित और विवाद-रहित रखने के लिए 4 विशेष टीमों का गठन किया है। उपायुक्तों नेतृत्व में बनी इन टीमों में तहसीलदार, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता और पटवारियों को शामिल किया गया है। यह टीमें 8 और 9 जून को मौके पर ही रहेंगी।
  • सुरक्षा और निगरानी के लिहाज से जेडीए ने दोनों दिन 24 घंटे की राउंड द क्लॉक ड्यूटी लगाई है। इसके लिए अधिकारियों को तीन पारियों में तैनात किया गया है।

पुलिस रखेगी निगरानी, होगी कार्रवाई

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा है कि सड़क सीमा में आने वाले धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई के दौरान सोशल मीडिया या डिजिटल मीडिया पर धार्मिक उन्माद फैलाने वालों के खिलाफ कठोर एक्शन लिया जाएगा। जयपुर पुलिस की साइबर और कानून-व्यवस्था संबंधी इकाइयों को सोशल मीडिया व अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।