India-Venezuela talks: भारत और वेनेजुएला ने ऊर्जा सुरक्षा और कच्चे तेल आपूर्ति सहित क्रिटिकल मिनरल्स व फार्मा क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की और द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने का संकल्प लिया।
India-Venezuela discuss energy cooperation: भारत और वेनेजुएला ने ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को उच्चस्तरीय वार्ता की। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक की। वहीं भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया कि वेनेजुएला इस महीने भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति करने वाला तीसरा सबसे बड़ा देश बनकर उभरा है। भारतीय विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने वेनेजुएला को भारत के लिए एक अवसर बताते हुए कहा कि हम जहां से चाहें वहां से तेल खरीदेंगे।
उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत मुख्य रूप से ऊर्जा साझेदारी को मजबूत करने पर केंद्रित रही। इसके अलावा टंडन ने कहा कि संसाधनों से समृद्ध वेनेजुएला में खनन, पशुपालन, परिवहन, कृषि उपकरण, ऑटोमोबाइल और फार्मा क्षेत्रों में व्यापक अवसर मौजूद हैं। इस बात पर भी विचार किया गया कि भारतीय कंपनियां इन क्षेत्रों में किस प्रकार नई साझेदारियां स्थापित कर सकती हैं। उधर, वेनेजुएला ने यह भी माना कि भारत ने अच्छे और कठिन दोनों समय में उसका साथ दिया है और वह एक पसंदीदा साझेदार है। प्रधानमंत्री मोदी ने द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत बनाने तथा ग्लोबल साउथ के हितों को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
तेल से आगे बढ़कर भारत ने वेनेजुएला के साथ खनन, क्रिटिकल मिनरल्स और और फार्मा सेक्टर में निवेश पर भी बात की। क्रिटिकल मिनरल्स के मुद्दे पर बातचीत का प्रमुख हिस्सा रहे। वेनेजुएला केवल अहम खनिजों ही नहीं, बल्कि सोना और हीरे जैसे संसाधनों से भी समृद्ध है। इसके अलावा पशुपालन, ऑटोमोबाइल और फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र भी चर्चा के प्रमुख विषयों में शामिल रहे।
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज आंध्र प्रदेश स्थित आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा के आश्रम का दौरा करेंगी। वह 2023 और 2024 में भी आश्रम आ चुकी हैं। रोड्रिगेज ने 2023 में एक इंटरव्यू में कहा था कि जब-जब वह कठिन परिस्थितियों में रहीं उन्हें बाबा की उपस्थिति का एहसास हुआ। बाबा हमेशा उनके, उनके परिवार और उनके देश के साथ रहे हैं और शांति-प्रेम का मार्ग दिखाते हैं।