# राष्ट्रीय

8 जून को I.N.D.I.A ब्लॉक की बैठक, राहुल, ममता और अखिलेश समेत कई नेताओं का लगेगा जमावड़ा

8 जून को इंडिया ब्लॉक की बैठक होने वाली है। इस बैठक में टीएमसी नेताओं पर हो रहे हमले को लेकर भी चर्चा होने की उम्मीद है। साथ ही, केंद्र की मोदी सरकार को घेरने को लेकर रणनीति भी बनाई जाएगी। पढे़ं पूरी खबर...

2 min read
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी। (Photo -IANS)

8 जून को इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक हो सकती है। न्यूज एजेंसी PTI ने रिपोर्ट किया है कि पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी, कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महाराष्ट्र के पूर्व सीएम व शिवसेना (उबाटा) प्रमुख उद्धव ठाकरे, यूपी के पूर्व सीएम व सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत 15 बड़े नेताओं का जुटान होने वाला है। TVK को बैठक में शामिल करने की कोशिश की जा रही है। इस बैठक में ममता बनर्जी द्वारा बंगाल में टीएमसी नेताओं पर हुए कथित हमलों का मुद्दा उठाने और इंडिया ब्लॉक के दलों का समर्थन जुटाने की उम्मीद है।

कुछ नेताओं ने बनाई दूरी

इस बैठक में डीएमके प्रमुख व तमिलनाडु के पूर्व सीएम एमके स्टालिन की आने की संभावना कम है। दरअसल, कांग्रेस ने तमिलनाडु में स्टालिन से नाता तोड़कर थलापति विजय का हाथ थाम लिया। उधर, पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है। वहां आम आदमी पार्टी सत्ता में है, जबकि कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल है। कांग्रेस के नेता लगातार आप सरकार पर हमलावर हैं। ऐसे में अरविंद केजरीवाल या आप के नेता के आने की संभावना नहीं है। AAP ने साल 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद इंडिया अलायंस से अलग होने की बात भी कही थी।

अखिरी बार कब हुई थी बैठक

इंडिया गठबंधन के नेताओं की आखिरी बैठक सितंबर 2025 में हुई थी। यह बैठक राहुल गांधी के सरकारी आवास पर हुई थी। इंडिया ब्लॉक के नेताओं की डिनर मीटिंग के बाद कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि यह मीटिंग सफल रही।

लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर एकजुट हुए थे विपक्षी नेता

लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर पहली बार इंडिया ब्लॉक के नेताओं की जुटान पटना में हुई थी। इस बैठक की अगुवाई बिहार के तत्कालीन सीएम व जदयू नेता नीतीश कुमार ने की थी। इस बैठक में विपक्ष के 15 दल शामिल हुए थे। हालांकि, जनवरी 2024 में नीतीश कुमार इंडिया ब्लॉक से अलग हो गए और बीजेपी नीत गठबंधन NDA में शामिल हो गए।

लोकसभा चुनाव में I.N.D.I.A को 234 सीटें मिली हैं। इसमें कांग्रेस की 99, समाजवादी पार्टी की 37 और तृणमूल कांग्रेस की 29 सीटें शामिल हैं।