दिल्ली में 8 जून को होने वाली INDIA गठबंधन की अहम बैठक में 23 विपक्षी दल शामिल होंगे। बैठक से पहले डीएमके और सीपीआईएम ने कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं। ममता बनर्जी दिल्ली पहुंच चुकी हैं, जबकि डीएमके ने कांग्रेस पर विश्वासघात का आरोप लगाते हुए बैठक से दूरी बनाई है।
India Alliance Meeting: नई दिल्ली में 8 जून को 'इंडिया' गठबंधन की अहम बैठक होने जा रही है। कई महीनों के बाद यह बैठक होने जा रहा है। बैठक से पहले ही घमासान मचा हुआ है। डीएमके, सीपीआईएम सहित कई पार्टियों ने पहले ही कांग्रेस को घेर लिया है। हालांकि इस बीच कांग्रेस ने इस बैठक से जुड़ी अहम अपडेट बता दी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया साइट पर जानकारी दी है कि इस बैठक में 23 पार्टियां शामिल होने जा रही हैं। साथ ही उन्होंने इस पोस्ट में बीजेपी पर भी करारा हमला किया है।
सोशल मीडिया साइट 'X' पर लिखते हुए जयराम रमेश ने कहा कि 23 पॉलिटिकल पार्टियों ने सोमवार 8 जून, 2026 को दोपहर 12 बजे नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने वाली INDIA जनबंधन मीटिंग में शामिल होने की बात कन्फर्म की है। कुछ पार्टियों ने अपने-अपने कारणों से इस खास मीटिंग में शामिल होने में अपनी असमर्थता जताई है। रमेश ने पोस्ट में यह भी कहा कि भारत की तरह, INDIA जनबंधन भी अपनी अलग-अलग तरह की बातों के बावजूद एकजुट खड़ा है।
पोस्ट में कहा गया कि सभी पार्टी मेंबर ने मोदी सरकार की उन पॉलिसी और कामों का कड़ा विरोध किया है जो लाखों भारतीयों से वोट देने का अधिकार छीन रही हैं, रोज संविधान पर हमला कर रही हैं, जांच एजेंसियों के जरिए विपक्षी नेताओं पर हमला कर रही हैं, करोड़ों भारतीयों की रोजी-रोटी को गंभीर नुकसान पहुंचा रही हैं, लगातार महंगाई से घरेलू बजट बिगाड़ रही हैं, लाखों युवाओं की उम्मीदों और आकांक्षाओं के साथ धोखा कर रही हैं, इन्वेस्टमेंट के माहौल को खराब कर रही हैं, और अपनी विदेश नीति से देश के हितों से समझौता कर रही हैं।
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी इस बैठक को लेकर दिल्ली पहुंच चुकी हैं। वह राजधानी में 8 जून को होने वाली 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन की अहम बैठक में शामिल होने के लिए आई हैं। उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ सांसद भी मौजूद हैं। पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी पहले से दिल्ली में मौजूद हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन इस बैठक में शामिल नहीं होंगे। विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि कांग्रेस ने डीएमके के साथ धोखा किया है। विजय की पार्टी TVK को समर्थन देकर कांग्रेस ने सही नहीं किया। एमके स्टालिन भी कांग्रेस पर धोखा देने का आरोप लगा चुके हैं।