# राष्ट्रीय

देश में बदलेगा मौसम का मिजाज: 22, 23, 24 और 25 मई को भारी बारिश का अलर्ट, इन राज्यों में बरसेंगे बादल

Heavy Rain in India: 22 से 25 मई के बीच देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज काफी अस्थिर रहने की संभावना है। उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट है, जबकि पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण और पूर्वी भारत में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

2 min read
Heavy Rain Alert by IMD

IMD heavy Rain Alert: मानसून (monsoon) की दस्तक से पहले देश के विभिन्न हिस्सों में 22 से 25 मई तक मौसम का मिजाज काफी अस्थिर रहने की संभावना है। इस अवधि में जहां उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रहेगी, जबकि पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। दक्षिण भारत में भी कई राज्यों में गरज-चमक के साथ वर्षा और तेज हवाएं सक्रिय रहेंगी।

उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी

उत्तर भारत के हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में 22 से 25 मई के दौरान लू चलने और तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिन के समय तेज और शुष्क हवाओं के कारण गर्मी का असर और बढ़ सकता है। रातें भी कई स्थानों पर सामान्य से अधिक गर्म रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को राहत मिलने की संभावना कम रहेगी।

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 22 से 25 मई 2026 के दौरान पूर्वोत्तर भारत में मौसम काफी सक्रिय रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में इस अवधि के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। विशेष रूप से 23 से 25 मई के बीच असम और मेघालय में व्यापक वर्षा की स्थिति बन सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 22 से 25 मई के दौरान अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने और कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक तेज हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर बिजली गिरने की घटनाएं भी संभव हैं। मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है।

पूर्वी और दक्षिण भारत में अस्थिर मौसम

पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र, सिक्किम, ओडिशा और बिहार के कुछ हिस्सों में इस अवधि के दौरान रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। वहीं दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 22 से 25 मई के बीच कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।