# राष्ट्रीय

अमेरिका में पिज्जा डिलीवरी कर रहे भारतीय युवक की गोली मारकर हत्या

Anshul Kuncha Philadelphia Murder: अमेरिका के फिलाडेल्फिया में हैदराबाद के 28 वर्षीय अंशुल कुंचा की पिज्जा डिलीवरी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि भारतीय वाणिज्य दूतावास ने परिवार को सहायता का भरोसा दिलाया है।

2 min read
Hyderabad Man Shot Dead in US (Image Source: Viral on X)

Hyderabad Man Shot Dead in US: अमेरिका से एक दुखद खबर सामने आई है। हैदराबाद के रहने वाले 28 वर्षीय अंशुल कुंचा की फिलाडेल्फिया में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। अंशुल वहां पार्ट-टाइम पिज्जा डिलीवरी का काम करते थे। परिवार के मुताबिक, डिलीवरी के दौरान उन पर कई गोलियां चलाई गईं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी गहरा दुख जताते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है।

डिलीवरी पूरी करने के बाद हुआ हमला

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अंशुल कुंचा शुक्रवार देर रात एक पिज्जा डिलीवरी के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने तय पते पर पिज्जा पहुंचा दिया था, लेकिन इसके कुछ ही देर बाद उन पर हमला कर दिया गया। परिवार के सदस्यों का कहना है कि हमलावरों ने अंशुल पर कई गोलियां चलाईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

खाली मकान के बाहर मिला युवक

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, घटना रात करीब 12:30 बजे की है। फिलाडेल्फिया पुलिस विभाग के चीफ इंस्पेक्टर स्कॉट स्मॉल ने बताया कि अंशुल एक खाली मकान के बाहर जमीन पर पड़े मिले थे। उनके सिर में गोली लगी थी और काफी खून बह चुका था। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस को मिले अहम सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से तीन खाली कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों का मानना है कि हमलावर अंशुल के बेहद करीब थे और नजदीक से फायरिंग की गई। अंशुल की कार भी घटनास्थल के पास खड़ी मिली, जिसमें पिज्जा डिलीवरी से जुड़ा सामान रखा हुआ था।

पुलिस को उस खाली मकान के अंदर तीन पिज्जा बॉक्स और एक बैग भी मिला, जिन्हें छुआ तक नहीं गया था। इससे जांच टीम का मानना है कि अंशुल डिलीवरी का काम पूरा कर चुके थे और बाहर निकलने के दौरान उन पर हमला किया गया।

सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्ध

जांच के दौरान पुलिस को इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी मिली है। अधिकारियों के अनुसार, फुटेज में दो लोग गहरे रंग के कपड़ों में अंशुल का पीछा करते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक व्यक्ति के पास गहरे रंग का बैकपैक भी नजर आया। हालांकि गोलीबारी की घटना कैमरे में कैद नहीं हुई है, लेकिन पुलिस इन संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वारदात में कितने हमलावर शामिल थे। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जताया दुख

घटना के बाद न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने अंशुल कुंचा की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं। दूतावास ने बताया कि वह अंशुल के परिजनों के संपर्क में है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है और अंशुल के पार्थिव शरीर को भारत लाने से जुड़ी औपचारिकताओं में भी मदद कर रहा है। वहीं, इस घटना की खबर मिलने के बाद परिवार और परिचितों में शोक की लहर है।