# राष्ट्रीय

टूटे हाथ, 51घाव और जलने के निशान, प्रेमी ने ली डेढ़ साल के बेटे की जान, चुपचाप तमाशा देखती रही मां

Crime News: केरल में एक महिला के प्रेमी ने उसके डेढ़ साल के बेटे की हत्या कर दी। पुलिस जांच में बच्चे पर लगातार हो रहे अत्याचार और हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।

2 min read
अर्शीद, उसकी माँ और उसका प्रेमी (फोटो- Gaurav एक्स पोस्ट)

Crime News: केरल के पनावूर इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां ने अपनी ही आंखों के सामने अपने डेढ़ साल के मासूम बच्चे को तिल-तिल मरते देखा और उसके हत्यारे, अपने प्रेमी को कुछ नहीं कहा। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुरुआत में बच्चे की मौत को हादसे के रूप में देखा जा रहा था लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी वैसे-वैसे हत्या के राज पर से पर्दा उठने लगा। मृतक बच्चे की पहचना अरशिद के रूप में हुई है। अरशिद की मां 21 साल की मां अखिला और उसके लिव इन पार्टनर अशकर को गिरफ्तार कर हिरासत में भेज दिया गया है।

अरशिद के शरीर पर कुल 51 घाव और जलने के निशान

पुलिस के अनुसार, अरशिद को पिछले एक महीने से लगातार प्रताडित किया जा रहा था। पोस्टमार्टम में अरशिद के शरीर पर कुल 51 घाव मिले, जिनमें गुप्तांगों पर गंभीर चोट और पैरों पर सिगरेट से जलाने के निशान शामिल थे। जांच के दौरान पुलिस को घर से डंडा और लाइटर भी मिला। अशकर ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अरशिद को अपने और अखिला के रिश्ते में बाधा मानता था। उसने बताया कि उसने तीन महीने पहले ही बच्चे को मारने का फैसला कर लिया था।

बच्चे के सिर पर हमला करके ली उसकी जान

घटना के दिन 29 मई को अरशिद के जोर से रोने पर अशकर ने उसके सिर पर हमला किया। अरशिद की मौत की पुष्टि होने के बाद उसने घर साफ किया और सबूत मिटाने की कोशिश की। इसके बाद अशकर अरशिद को अस्पताल लेकर गया और उसने वहां बताया कि उसके गले में खाना फंस गया था जिसके बाद वह बेहोश हो गया। हालांकि अरशिद के रिश्तेदारों ने इस बात पर विश्वास नहीं किया और पुलिस में बच्चे की मौत की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद बच्चे के शव का पोस्टमार्ट्म किया गया जिससे हत्या के राज से पर्दा उठा।

पीटते समय मुहं में ठूस देता था कपड़ा

इसके बाद पुलिस ने बच्चे की मां यानी अखिला और उसके लिवइन पार्टनर अशकर को गिरफ्तार किया और दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस पूछताछ में अशकर ने यह स्वीकार किया कि वह एक महीने से अरशिद को शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और वह उसे पीटते समय उसके मुंह में कपडा ठूंस देता था ताकि उसकी चीख बाहर न जाए। 29 मई की रात घटना वाले दिन अरशिद के जोर से रोने पर उसने उसकी हत्या कर दी। जांच में यह भी सामने आया कि हत्या से एक महीने पहले बच्चे के दोनों हाथ भी आरोपी ने तोड़ दिए थे और इसे साइकिल से गिरने की घटना बताया था। अखिला ने वाट्सएप स्टेटस पर बच्चे की फोटो भी लगाई थी। इस दौरान अखिला एक बस स्टैण्ड पर किसी कंटेंट क्रिएटर से मिली थी और तब भी उसने भी साइकिल से गिरने की झूठी कहानी दोहराई थी।

मां ने स्वीकार किया गुनाह

पुलिस बयान में अखिला ने माना कि उसने कई बार अशकर को बच्चे की बेरहमी से पिटाई करते देखा, लेकिन उसने बेटे को बचाने का कोई प्रयास नहीं किया। जांच में यह भी सामने आया कि अशकर पर अपनी पहली पत्नी अमीना के साथ घरेलू हिंसा करने के आरोप पहले से मौजूद हैं। अमीना की मां ने दावा किया कि आरोपी ने उनकी बेटी को बुरी तरह पीटा था, जिससे वह कोमा में चली गई थी। पुलिस अब अमीना के भाई और आरोपी से जुडी एक अन्य महिला की मौत की जांच कर रही है।