# राष्ट्रीय

युवाओं को हल्के में नहीं ले सकते- Cockroach Janta Party पर बीजेपी नेता की राय! सहयोगी टीडीपी भी खुल कर सरकार के साथ नहीं

NDA Reaction On CJP: Cockroach Janta Party (CJP) को लेकर बीजेपी और एनडीए में अलग-अलग राय सामने आई है। बीजेपी नेताओं ने इसे विदेशी प्रभाव और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया, जबकि कुछ नेताओं ने इसे युवाओं की बढ़ती नाराजगी का संकेत माना।

2 min read
Cockroach Janta Party पर NDA में नेताओं की अलग-अलग राय (Photo-X)

CJP Controversy: सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे Cockroach Janta Party (CJP) प्लेटफॉर्म को लेकर बीजेपी के भीतर और उसके सहयोगी दलों में अलग-अलग राय सामने आने लगी है। बीजेपी इसे भारत को अस्थिर करने की कोशिश बता रही है। एनडीए के कुछ नेता मानते हैं कि युवाओं की नाराजगी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने CJP मूवमेंट को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया और कहा कि इसके पीछे विदेशी ताकतों की भूमिका हो सकती है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री और केरल बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने इसे “कोऑर्डिनेटेड इन्फ्लुएंस ऑपरेशन” करार दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में संगठित तरीके से काम होने के संकेत दिखाई देते हैं, हालांकि उन्होंने यह भी माना कि देश के युवाओं में असंतोष वास्तविक है।

केरल बीजेपी अध्यक्ष ने क्या कहा?

केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर हाल ही में उभरी कॉकरोच जनता पार्टी एक सीमा-पार इन्फ्लुएंस ऑपरेशन का हिस्सा है, जिसका मकसद भारत को अस्थिर करना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा उनकी सरकार को निशाना बनाना है।

एक्स पर पोस्ट करते हुए बीजेपी नेता चंद्रशेखर ने कहा कि इसमें विपक्ष के कुछ वर्ग भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, बॉट्स और एआई के दौर में इस तरह के अभियान फर्जी लेकिन स्वाभाविक दिखने वाले नैरेटिव बनाकर देश को अस्थिर करने का खतरनाक और प्रभावी तरीका बन चुके हैं।

हालांकि बीजेपी के भीतर कुछ नेताओं का मानना है कि युवाओं की नाराजगी को सिर्फ विदेशी साजिश कहकर खारिज नहीं किया जा सकता। बेरोजगारी, आर्थिक दबाव और NEET पेपर लीक जैसे मुद्दों ने युवाओं में असंतोष बढ़ाया है। पार्टी के कुछ नेताओं ने माना कि CJP को मिली भारी ऑनलाइन लोकप्रियता ने सरकार को भी चौंकाया है।

इसके अलावा कुछ नेताओं का यह भी माना कि सरकार युवाओं की चिंताओं को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं कर सकती। उनका कहना है कि CJP की लोकप्रियता देश में बढ़ती युवा नाराजगी का संकेत है, जिसे गंभीरता से समझने की जरूरत है।

TDP ने अपनाया अलग रुख

एनडीए सहयोगी टीडीपी ने भी इस मामले में अलग रुख अपनाया। टीडीपी नेता लावू कृष्णदेवरायलू ने कहा कि अगर ऐसे सोशल मीडिया हैंडल बाहरी ताकतों से प्रभावित नहीं हैं, तो उन्हें मौजूद रहने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के युवा मुख्यधारा मीडिया से हटकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जानकारी हासिल करते हैं।

एक्स अकाउंट किया ब्लॉक

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने इंटेलिजेंस ब्यूरो के इनपुट के आधार पर CJP के एक्स (X) अकाउंट को ब्लॉक करने का निर्देश दिया था। इसके बाद अकाउंट को ब्लॉक कर दिया। हालांकि बाद में उन्होंने अपना नया अकाउंट चालू कर लिया। सरकार का कहना है कि इससे राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं थीं।