Rocky Murder Case: मुजफ्फरनगर में 14 दिन से लापता रॉकी केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मुठभेड़ में गिरफ्तार मोंटी त्यागी की निशानदेही पर पुलिस ने कादीपुर के जंगल से सिर कटा शव बरामद किया, जिसे विकसित उर्फ रॉकी का बताया जा रहा है। मामले में मृतक की पत्नी रेणु, सौतेले बेटे बादल और पुत्रवधू निशा की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
Rocky Murder Case: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में दो सप्ताह से लापता चल रहे विकसित उर्फ रॉकी केस की गुत्थी सुलझाने का पुलिस ने दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ में अहम सुराग मिले, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर रॉकी का शव खेत से बरामद कर लिया गया।
इस कत्ल का पर्दाफाश तब हुआ जब सोमवार की देर रात पुलिस ने कादीपुर के जंगलों में मुठभेड़ में मोंटी त्यागी नाम के एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया। जब पुलिस ने अस्पताल में उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने रॉकी हत्याकांड की परत-दर-परत खोलकर रख दी।
आरोपी मोंटी त्यागी ने पुलिस को बताया कि सबसे पहले रॉकी का किडनैप किया गया और फिर उसे गोली मार दी गई। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए रॉकी की गर्दन को धड़ से काट कर अलग कर दिया। पहचान छुपाने के लिए कटी हुई गर्दन को चित्तौड़ा झाल नाम की नहर में फेंक दिया। इसके बाद बाकी बचे धड़ को ठिकाने लगाने के लिए कादीपुर गांव के एक सुनसान खेत में गहरा गड्ढा खोदा गया। लाश जल्दी गल जाए और बदबू न आए, इसलिए उसमें भारी मात्रा में नमक डालकर धड़ को मिट्टी में दफना दिया गया।
बदमाश के इस खुलासे के बाद पुलिस की टीम तुरंत भारी फोर्स और जेसीबी मशीन लेकर कादीपुर के उस खेत में पहुंची। खेत की खुदाई कर रॉकी का सड़ चुका धड़ बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । मृतक की पत्नी रेणु, सौतेले बेटे बादल और पुत्रवधू निशा की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बादल और रॉकी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। अधिकारियों का मानना है कि इसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई और वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
नई मंडी के पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। वारदात में शामिल पत्नी और सौतेले बेटे समेत अन्य संदिग्धों की भूमिका की बारीकी से जांच की जा रही है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है और जल्द ही इस मामले के सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
मृतक रॉकी के भाई मुकुल ने 25 मई को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका भाई 18 मई से गायब है। भाई ने आरोप लगाया था कि रॉकी की पत्नी रेनू उसे बागपत ले जाने का बहाना बनाकर घर से साथ ले गई थी, जिसके बाद से रॉकी वापस नहीं लौटा। पुलिस जांच में अब साफ हो चुका है कि इस खूनी साजिश की मास्टरमाइंड रॉकी की पत्नी रेनू, उसका सौतेला बेटा बादल और बहू निशा हैं। घरेलू विवाद और रंजिश के चलते इन सबने मिलकर शूटर मोंटी त्यागी को शामिल किया और इस वारदात को अंजाम दिया।