Captain Bharat Bhardwaj Viral Video: नासिक में पासिंग-आउट परेड के बाद सैन्य हेलिकॉप्टर के सामने अपनी प्रेमिका को प्रपोज करने वाले कैप्टन भारत भारद्वाज से भारतीय सेना ने नियमों के उल्लंघन को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है।
Indian Army Pilot Proposal Nashik: लाइफ में सफलता मिलने के बाद एक भारतीय सेना का अधिकारी फिल्मी स्टाइल में अपनी मंगेतर को शादी के लिए प्रपोज किया। ये दिल छू लेने वाला वीडियो खूब वायरल हुआ, लेकिन अब युवा अधिकारी के लिए यह कारनामा गले की हड्डी बन गया है। दरअसल, अब भारतीय सेना ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारी से जवाब-तलब किया है।
आपको बता दें कि यह चर्चित घटना 2 जून की है, जब कैप्टन भारत भारद्वाज ने अपनी फ्लाइट ट्रेनिंग पूरी की और आधिकारिक तौर पर आर्मी एविएशन पायलट के रूप में ग्रैजुएट हुए। अपनी गरिमामयी सैन्य वर्दी पहने इस युवा अधिकारी ने रनवे पर कदम बढ़ाया और वहां खड़े एक सैन्य हेलिकॉप्टर के ठीक सामने घुटनों के बल बैठकर आरुषि को सगाई की अंगूठी पहनाई। इस बेहद भावुक पल के गवाह वहां मौजूद परिवार के सदस्य, साथी अधिकारी, प्रशिक्षक और समारोह में आए मेहमान बने। सोशल मीडिया पर जैसे ही यह वीडियो सामने आया, लोगों ने सैन्य उपलब्धि और व्यक्तिगत जीवन के इस खूबसूरत मिलाप की जमकर तारीफ की। वीडियो में आरुषि इस प्रपोजल को स्वीकार करती नजर आ रही हैं और आसपास मौजूद लोग तालियां बजाकर दोनों का उत्साह बढ़ा रहे हैं।
रक्षा सूत्रों के अनुसार, भारतीय सेना ने इस वायरल वीडियो को बेहद गंभीरता से लिया है और संबंधित अधिकारी से इस पर अपनी जवाब देने को कहा है। वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि इस प्रपोजल से आचरण, सैन्य परिसर के उपयोग और सैन्य संपत्तियों के प्रदर्शन से जुड़े सेना के कुछ तय नियमों और प्रोटोकॉल का उल्लंघन हुआ हो सकता है। बता दें कि अधिकारियों ने युवा अधिकारी के व्यक्तिगत खुशी से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन खुशी का इजहार करने के लिए जिस जगह का चुनाव किया गया उस पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। सेना विशेष रूप से इस बात को लेकर बेहद सतर्क है कि आधिकारिक समारोहों या सैन्य उपकरणों का उपयोग ऐसे कंटेंट के लिए न किया जाए, जो बाद में सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो।
हालांकि लेटेस्टली की रिपोर्ट के मुताबिक राहत भरी खबर यह है कि अभी इस मामले की समीक्षा की जा रही है, लेकिन लेकिन अधिकारी के खिलाफ किसी बड़ी या गंभीर अनुशा सनात्मक कार्रवाई की संभावना नहीं है। कैप्टन भारद्वाज एक युवा अधिकारी हैं और उन्होंने कोई ऐसा गंभीर अपराध नहीं किया है। इसके बजाय, सेना का ध्यान उन्हें सैन्य नियमों, अधिकारियों के उचित आचरण और वर्दी पहनने के साथ आने वाली बड़ी जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक करने और उनकी काउंसलिंग (Counselling) करने पर रहेगा। रक्षा अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि सैन्य कर्मियों से हर समय वर्दी की गरिमा और परंपराओं को बनाए रखने की उम्मीद की जाती है। उन्हें ऐसे कामों से बचना चाहिए जिससे आधिकारिक व्यवस्था का उपयोग व्यक्तिगत प्रचार के लिए करने की छवि बनती हो।
प्रपोजल के बाद कैप्टन ने बकायदा मीडिया से बातचीत की और इस खास मौके को चुनने की वजह बताई थी। उन्होंने कहा, 'हम सभी आज पायलट और इंस्ट्रक्टर बने हैं। यह हम सभी के लिए बहुत बड़ा दिन था। हमारी सालों की कड़ी मेहनत आज रंग लाई है। हम पिछले पांच सालों से एक-दूसरे को जानते हैं। मुझे नहीं लगता कि अपनी शादी का प्रस्ताव रखने के लिए इससे बेहतर कोई और दिन हो सकता था। यह मेरे परिवार के लिए भी बहुत बड़ा दिन है, इसलिए मैं अपनी मंगेतर के लिए भी इस दिन को हमेशा के लिए यादगार बनाना चाहता था।'
इस घटना ने इंटरनेट पर एक नई बहस छेड़ दी है। जहां एक तरफ लोग इसे बेहद प्यारा और व्यक्तिगत पल मानकर इसकी सराहना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या आधिकारिक सैन्य आयोजनों और करोड़ों के उपकरणों को निजी पलों के बैकड्रॉप के रूप में इस्तेमाल करने की अनुमति दी जानी चाहिए।