# मुंबई

रिश्ते शर्मसार! सौतेली मां के साथ युवक के थे अवैध संबंध, पकड़े जाने पर दोनों ने की खुदकुशी

महाराष्ट्र में एक सौतेली मां और बेटे के बीच पनपे अवैध संबंधों का बेहद खौफनाक अंत हुआ है। बदनामी के डर और प्यार में मिले विरह के कारण दोनों ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

2 min read
प्रेमी की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी सौतेली मां, अस्पताल परिसर में लगाई फांसी (AI Image)

महाराष्ट्र के बीड जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां कथित तौर पर सौतेली मां और बेटे के बीच बने नाजायज संबंधों का अंत दो मौतों के साथ हुआ। बदनामी के डर और रिश्ते के खुलासे के बाद पहले युवक ने जहरीला पदार्थ पी लिया, जबकि उसकी मौत का सदमा सहन नहीं कर पाने पर महिला ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से जिले में सनसनी फैल गई है।

मां-बेटे के पवित्र रिश्ते को किया शर्मसार, घर से भागे

यह पूरी घटना बीड जिले के केज तालुका के अंतर्गत आने वाले सोनी जवला गांव की है। मिली जानकारी के मुताबिक, गांव के एक व्यक्ति का अपनी पहली पत्नी से तलाक हो गया था। इसके बाद करीब चार साल पहले उन्होंने अनीता नाम की महिला से दूसरी शादी की थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन इसी बीच पहली पत्नी से हुए 21 वर्षीय बेटे अनिल पवार के अपनी सौतेली मां (अनीता) से प्रेम संबंध बन गए।

दोनों के बीच का यह रिश्ता इस हद तक आगे बढ़ गया कि समाज और परिवार की परवाह न करते हुए कुछ दिनों पहले दोनों घर से भागकर सीधे पड़ोसी राज्य तेलंगाना चले गए।

बदनामी के डर से बेटे ने खाया जहर, अस्पताल में तोड़ा दम

पत्नी और बेटे के अचानक लापता होने के बाद शख्स ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और मोबाइल लोकेशन के आधार पर तेलंगाना पहुंचकर दोनों को हिरासत में ले लिया।

दोनों को वापस बीड लाया गया और पूछताछ के बाद परिवार को सौंप दिया गया। हालांकि अपने अनैतिक संबंधों का पर्दाफाश होने के चलते 21 वर्षीय अनिल तनाव में आया गया और उसने जहरीली दवा पी ली। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में अंबाजोगाई के स्वामी रामानंद तीर्थ अस्पताल में ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रेमी की मौत का सदमा सहन नहीं कर सकी अनीता

अपने प्रेमी अनिल की मौत की खबर सुनते ही सौतेली मां अनीता को गहरा सदमा लगा। वह अनिल का विरह बर्दाश्त नहीं कर पाई। अनिल की मौत के कुछ ही देर बाद अनीता ने भी अस्पताल परिसर में ही एक पेड़ से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।

एक ही मामले में दो मौतों की खबर फैलते ही पूरे इलाके में खलबली मच गई। स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। उधर, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है।