# मुंबई

मुंबई रॉयल वेडिंग: अवाक रह गए मेहमान, जब दुल्हन ने पहना 1800 के दशक का खानदानी हार!

Arissa Khan Wedding: मुंबई में फैशन एंटरप्रेन्योर अरीसा खान और टेक एंटरप्रेन्योर लुकमान इब्राहिम की शाही शादी संपन्न हुई। इस शादी में अफगानी और अवधी संस्कृतियों का खूबसूरत संगम देखने को मिला, जहां दुल्हन ने अपने निकाह पर 1800 के दशक का ऐतिहासिक हार पहना।

2 min read
photo x

Afghani Awadhi Wedding Traditions: फैशन की दुनिया का जाना-माना नाम अरीसा खान और पूर्व टेनिस खिलाड़ी व टेक बिजनेसमैन लुकमान इब्राहिम की प्रेम कहानी कोरोना महामारी के दौरान शुरू हुई थी। दोनों का यह रिश्ता वक्त के साथ गहरा होता गया और नए साल की पूर्व संध्या पर एक बेहद फिल्मी अंदाज में लुकमान ने अरीसा को प्रपोज किया। हाल ही में मुंबई में दोनों का निकाह हुआ, जिसमें दूल्हा-दुल्हन के पहनावे से लेकर संगीत और भोजन तक में उनकी जड़ों अफगानी और अवधी की झलक साफ दिखाई दे रही थी।

अनोखा प्रपोजल और नए साल का तोहफा

अरीसा ने अपनी सगाई के खूबसूरत पल को याद करते हुए बताया कि दो साल पहले नए साल की रात को लुकमान ने उन्हें समंदर किनारे प्रपोज किया था। दोनों की एक परंपरा थी कि वे पेंटिंग के जरिए अगले 5 साल के भविष्य की कल्पना करते थे। जब टाइमर खत्म हुआ और दोनों ने एक-दूसरे को अपनी पेंटिंग दिखाई, तो लुकमान की पेंटिंग में वह घुटनों पर बैठे नजर आ रहे थे। ठीक उसी पल आसमान में आतिशबाजी के बीच लुकमान ने अरीसा का हाथ मांग लिया।

मेहंदी की रस्म: 'द गार्डन ऑफ बिकमिंग'

शादी के जश्न की शुरुआत एक कांच के घर के आसपास बेहद शानदार तरीके से हुई। इस फंक्शन को एक जादुई बगीचे का रूप दिया गया था, जिसमें खूबसूरत नक्काशीदार तरबूज, फव्वारे और शीशों का इस्तेमाल किया गया। इस मौके पर अरीसा ने अपनी मां के शादी के गहने पहने और बेहद खूबसूरत शीशे के काम वाली पोशाक पहनी।

निकाह में दिखा 1800 के दशक का ऐतिहासिक हार

मुंबई के सेंट रेगिस होटल में हुए निकाह समारोह को पूरी तरह से सूफी और शाही अंदाज दिया गया था, जहां साबरी ब्रदर्स की कव्वाली और सूफी डांसर्स ने समां बांध दिया। इस खास दिन के लिए अरीसा ने मशहूर डिजाइनर रिम्पल एंड हरप्रीत की पोशाक चुनी। लेकिन सबका ध्यान अरीसा के गले के हार ने खींचा, जो 1800 के दशक का एक पुराना खानदानी हार था। यह हार उनके परिवार के इतिहास और भावनाओं से जुड़ा हुआ था।

वलीमा और अपनों का साथ

निकाह के बाद वलीमा का आयोजन भी किया गया, जिसमें अरीसा ने गहरे नीले रंग की थीम के साथ शानदार डिजाइनर गाउन और एक खूबसूरत घूंघट पहना। अंत में इस जोड़े ने कहा कि शादी की सजावट से कहीं ज्यादा खूबसूरत और उनके दिल के करीब वह पल था जब दोनों परिवारों ने मिलकर एक-दूसरे के रीति-रिवाजों और परंपराओं को दिल से अपनाया।